- देवरी मोहल्ला स्थित शीतला माता मंदिर में हुई बैठक,
- श्रद्धालुओं से आयोजन में शामिल होने का किया आह्वान
सैलाना। नगर की धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। सैलाना की पावन धरा पर पहली बार भगवान श्री जगन्नाथ जी की भव्य एवं दिव्य रथयात्रा का आयोजन किया जाएगा। इस ऐतिहासिक आयोजन को लेकर विगत दिवस देवरी मोहल्ला स्थित शीतला माता मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं एवं आयोजन समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में रथयात्रा की रूपरेखा, व्यवस्थाओं, मार्ग, सजावट, सुरक्षा, स्वागत एवं विभिन्न समितियों के गठन सहित अन्य आवश्यक तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। उपस्थित सभी सदस्यों ने इस आयोजन को भव्य, सुव्यवस्थित एवं भक्तिमय बनाने का संकल्प लिया तथा नगरवासियों से बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाने की अपील की।

आयोजन समिति के अनुसार भगवान श्री जगन्नाथ, बलभद्र एवं माता सुभद्रा की दिव्य रथयात्रा 23 जुलाई 2026, गुरुवार को देवरी चौक स्थित शीतला माता मंदिर, रंगवाड़ी मोहल्ला, सैलाना से प्रारंभ होगी। रथयात्रा में श्रद्धालुओं को भगवान के रथ की डोर थामने का सौभाग्य प्राप्त होगा। आयोजन के दौरान भजन-कीर्तन, जयघोष एवं धार्मिक वातावरण से पूरा नगर भक्तिमय होगा।
समिति ने नगर के सभी धर्मप्रेमी नागरिकों, सामाजिक संगठनों एवं युवाओं से रथयात्रा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर आयोजन को ऐतिहासिक एवं सफल बनाने का आग्रह किया है। श्रद्धालुओं का कहना है कि सैलाना में पहली बार आयोजित होने जा रही यह रथयात्रा नगर के धार्मिक इतिहास में एक यादगार अवसर साबित होगी।
“जय जगन्नाथ स्वामी की जय!”
Author: MP Headlines















