सैलाना की बेटी विनीता लोढ़ा बनीं उप संचालक

सैलाना। रतलाम जिले के सैलाना नगर की प्रतिभाशाली बेटी विनीता लोढ़ा ने एक बार फिर सैलाना का नाम गौरवान्वित किया है। महिला एवं बाल विकास विभाग में सहायक संचालक के पद पर कार्यरत विनीता लोढ़ा को पदोन्नत कर उप संचालक बनाया गया है। वर्तमान में वे विदिशा में पदस्थ हैं और पदोन्नति के बाद भी उनकी सेवाएं वहीं जारी रहेंगी।

विनीता लोढ़ा की सफलता की कहानी सैलाना की धरती से शुरू हुई। उनकी प्रारंभिक शिक्षा नगर के सबसे पुराने त्रिवेदी स्कूल में हुई, जबकि हायर सेकेंडरी तक की पढ़ाई उन्होंने शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सैलाना से पूरी की। इसके बाद समाजशास्त्र में स्नातकोत्तर उपाधि प्राप्त कर उन्होंने अपने लक्ष्य की ओर कदम बढ़ाए।

बचपन से ही मेधावी और प्रभावशाली वक्ता रहीं विनीता लोढ़ा ने विद्यालयीन जीवन में भाषण, वाद-विवाद और शैक्षणिक गतिविधियों में अपनी अलग पहचान बनाई। सैलाना महाविद्यालय के समाजशास्त्र विभाग के सेवानिवृत्त प्राध्यापक डॉ. हरिकृष्ण बड़ोदिया के अनुसार, छात्र जीवन से ही स्पष्ट था कि विनीता भविष्य में उच्च प्रशासनिक पद पर पहुंचेगी।
वर्ष 1999 में एमपीपीएससी परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद उन्होंने महिला एवं बाल विकास विभाग की प्रशासनिक सेवा में प्रवेश किया। अपने कार्यकाल में उन्होंने रतलाम सहित विभिन्न जिलों में उत्कृष्ट सेवाएं दीं। रतलाम में उनकी कार्यकुशलता को देखते हुए उन्हें जिला पंचायत के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी का अतिरिक्त दायित्व भी सौंपा गया था।

हाल ही में विभाग द्वारा उन्हें उप संचालक के पद पर पदोन्नत किया गया है, जिसका उन्होंने विदिशा में पदभार ग्रहण कर लिया है। उनके पति भी विदिशा में भारतीय रेलवे में पदस्थ हैं।
अपनी इस उपलब्धि का श्रेय विनीता लोढ़ा आज भी अपनी पहली पाठशाला त्रिवेदी स्कूल, सैलाना को देती हैं। उनकी सफलता नगर की बेटियों के लिए प्रेरणा बनकर उभरी है। नगरवासियों, शिक्षकों एवं शुभचिंतकों ने उनकी पदोन्नति पर हर्ष व्यक्त करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।

MP Headlines
Author: MP Headlines

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp