सैलाना, 14 जुलाई। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) सैलाना इकाई द्वारा राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस के अवसर पर मंगलवार को एकलव्य मॉडल स्कूल के ऑडिटोरियम में संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विशेष अतिथि सरवन थाना प्रभारी अर्जुन सिंह सेमलिया, मुख्य अतिथि दिलीप खड़िया, एकलव्य मॉडल स्कूल के प्राचार्य नरेंद्र गंगवाल और आर्यन पुरोहित मंच पर उपस्थित रहे इस कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को साइबर अपराध, नशा मुक्ति, अनुशासन एवं विद्यार्थी जीवन के मूल्यों पर प्रेरक मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के विशेष अतिथि सरवन थाना प्रभारी अर्जुन सिंह सेमलिया ने विद्यार्थियों को साइबर क्राइम के बढ़ते मामलों से अवगत कराते हुए ऑनलाइन सुरक्षा, डिजिटल सतर्कता एवं साइबर अपराधों से बचाव के महत्वपूर्ण उपाय बताए।

मुख्य अतिथि दिलीप खड़िया ने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की स्थापना, उद्देश्य एवं राष्ट्र निर्माण में विद्यार्थी परिषद की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को संगठन के मूल विचारों से परिचित कराया। एकलव्य मॉडल स्कूल के प्राचार्य नरेंद्र गंगवाल ने विद्यार्थियों को नशा मुक्ति का संदेश देते हुए स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में आर्यन पुरोहित ने अनुशासन, मित्रता, विद्यार्थी परिषद के कार्य, नशा मुक्ति तथा साइबर क्राइम जैसे विषयों का संक्षिप्त एवं प्रेरणादायी सार प्रस्तुत किया तथा सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं उपस्थित विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर अभाविप सैलाना नगर इकाई की नवीन कार्यकारिणी की भी घोषणा की गई। इसमें नगर मंत्री के रूप में आर्यन पुरोहित, नगर अध्यक्ष हरिनारायण गंधर्व, नगर सहमंत्री खुशी पुरोहित, अमन पांचाल एवं मीत सोनी, महाविद्यालय प्रमुख मोक्ष पाटीदार, विद्यालय प्रमुख दुर्गेश पाटीदार, विद्यालय सह प्रमुख जय कुमावत, छात्रावास प्रमुख कशिश कुमावत , SFD संयोजक कृष्णा कुमावत, SFS संयोजक चेतन पाटीदार, कलामंच संयोजक रोहन गंधर्व, सोशल मीडिया संयोजक क्रिश पाटीदार तथा सोशल मीडिया सह संयोजक केशव पाटीदार को दायित्व सौंपे गए। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार, अभाविप कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
Author: MP Headlines















