“नशे से दूरी-है जरूरी 2.0” अभियान का सैलाना में शुभारंभ, एकलव्य विद्यालय से निकली जनजागरूकता रैली

सैलाना। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार प्रदेशभर में 15 जुलाई से 30 जुलाई तक संचालित किए जा रहे “नशे से दूरी-है जरूरी 2.0” अभियान के अंतर्गत बुधवार को  पुलिस द्वारा शासकीय एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय से जनजागरूकता रैली का शुभारंभ किया गया। अभियान का उद्देश्य युवाओं, विद्यार्थियों एवं आमजन को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए समाज में नशामुक्ति के प्रति व्यापक जनजागरण करना है।

रैली में विद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं समस्त स्टाफ ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने हाथों में जागरूकता संबंधी तख्तियां लेकर तथा नशामुक्ति के नारे लगाते हुए लोगों को नशे से दूर रहने और स्वस्थ, सुरक्षित एवं जिम्मेदार जीवन अपनाने का संदेश दिया। रैली विद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर आसपास के प्रमुख मार्गों से निकाली गई, जहां आम नागरिकों को भी अभियान की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसडीओपी नीलम बघेल ने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार और भविष्य को बर्बाद कर देता है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे स्वयं किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहें तथा अपने परिवार और समाज में भी नशामुक्ति का संदेश पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि युवाओं की जागरूकता से ही समाज को नशे जैसी गंभीर समस्या से मुक्त कराया जा सकता है।

थाना प्रभारी पिंकी आकाश ने छात्र-छात्राओं एवं उनके अभिभावकों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्परिणामों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नशे की लत न केवल व्यक्ति के जीवन को प्रभावित करती है, बल्कि पूरे परिवार की खुशियों को भी छीन लेती है। उन्होंने सभी से पुलिस द्वारा चलाए जा रहे इस जनजागरूकता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा नशे के विरुद्ध समाज में सकारात्मक माहौल बनाने की अपील की।

कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया। सैलाना पुलिस ने बताया कि अभियान के दौरान आगामी दिनों में विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता कार्यक्रम, रैलियां, संवाद एवं अन्य गतिविधियों का आयोजन कर अधिक से अधिक लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया जाएगा।

MP Headlines
Author: MP Headlines

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp