जनसंवाद में सुशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, रोजगार और आधारभूत विकास को लेकर आए सुझाव
सैलाना। (रतलाम) मध्य प्रदेश को वर्ष 2047 तक विकसित, आत्मनिर्भर एवं समृद्ध राज्य बनाने की दिशा में तैयार किए जा रहे ‘समृद्ध मध्य प्रदेश–2047 (विकसित मध्य प्रदेश)’ विज़न डॉक्यूमेंट के तहत मंगलवार को सैलाना तहसील कार्यालय में व्यापक बैठक एवं जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने सहभागिता करते हुए क्षेत्र के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव साझा किए।
बैठक में एसडीएम सुनील कुमार जायसवाल एवं तहसीलदार कुलभूषण शर्मा ने उपस्थित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से कहा कि विकसित मध्य प्रदेश का सपना तभी साकार होगा, जब स्थानीय स्तर की आवश्यकताओं और जनभावनाओं को विकास योजनाओं में समुचित स्थान मिलेगा। उन्होंने सभी से क्षेत्र की समस्याओं एवं संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए रचनात्मक सुझाव देने का आग्रह किया।
जनसंवाद के दौरान सुशासन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं, आधुनिक कृषि, सिंचाई विस्तार, रोजगार सृजन, औद्योगिक विकास, सड़क एवं पेयजल जैसी आधारभूत सुविधाओं, डिजिटल सेवाओं, महिला सशक्तिकरण, युवा विकास, पर्यावरण संरक्षण तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन सहित अनेक विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने विभिन्न विभागों से प्राप्त सुझावों को संकलित कर शासन को भेजने की प्रक्रिया की जानकारी भी दी।
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने सैलाना क्षेत्र की भौगोलिक एवं सामाजिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए कृषि, पर्यटन, जनजातीय विकास, शिक्षा एवं रोजगार के क्षेत्र में विशेष योजनाएं तैयार करने पर बल दिया। साथ ही स्थानीय संसाधनों का बेहतर उपयोग कर क्षेत्रीय विकास को गति देने संबंधी सुझाव भी रखे गए।
बैठक में जनपद पंचायत अध्यक्ष कैलाशी रामचन्द्र चारेल, नगर परिषद अध्यक्ष चैतन्य शुक्ला जनप्रतिनिधि सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
प्रशासन के अनुसार, ‘समृद्ध मध्य प्रदेश–2047’ विज़न डॉक्यूमेंट तैयार करने का उद्देश्य प्रदेश के प्रत्येक जिले और विकासखंड से प्राप्त सुझावों को शामिल कर एक ऐसी दीर्घकालिक विकास नीति तैयार करना है, जो आने वाले वर्षों में मध्य प्रदेश को आर्थिक, सामाजिक एवं आधारभूत संरचना के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में स्थापित कर सके। सैलाना में आयोजित यह जनसंवाद भी इसी दिशा में स्थानीय सहभागिता सुनिश्चित करने का महत्वपूर्ण प्रयास रहा।
Author: MP Headlines














