सैलाना तहसीलदार कुलभूषण शर्मा का तबादला, मनीष जैन संभालेंगे जिम्मेदारी

बेहतरीन कार्यशैली और जनसुनवाई से कुलभूषण शर्मा ने छोड़ी अमिट छाप

सैलाना। रतलाम जिला कलेक्टर कार्यालय द्वारा मंगलवार को जारी प्रशासनिक तबादला आदेश के तहत जिले के तहसीलदार एवं नायब तहसीलदारों के पदस्थापना में फेरबदल किया गया है। आदेश के अनुसार सैलाना तहसीलदार कुलभूषण शर्मा का स्थानांतरण रतलाम शहर तहसील में कर दिया गया है। उनके स्थान पर वर्तमान में बाजना के प्रभारी तहसीलदार मनीष जैन को सैलाना का नया तहसीलदार नियुक्त किया गया है। साथ ही उन्हें टप्पा शिवगढ़ का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।

कुलभूषण शर्मा का सैलाना में कार्यकाल प्रशासनिक दक्षता, अनुशासन और जनहितैषी कार्यशैली के लिए याद किया जाएगा। उन्होंने राजस्व प्रकरणों के त्वरित निराकरण, आमजन की समस्याओं के संवेदनशील समाधान तथा पारदर्शी कार्यप्रणाली से लोगों का विश्वास जीता। तहसील कार्यालय में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की बात गंभीरता से सुनना और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करना उनकी कार्यशैली की प्रमुख विशेषता रही।

शर्मा ने अपने कार्यकाल में राजस्व मामलों के शीघ्र निपटारे, प्रशासनिक व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाने तथा शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों के साथ उनके सहज एवं सौहार्दपूर्ण व्यवहार की भी व्यापक सराहना होती रही। उनके स्थानांतरण की खबर सामने आने के बाद क्षेत्र के अनेक लोगों ने उनके कार्यकाल को याद करते हुए उन्हें सफल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।

वहीं, नवपदस्थ तहसीलदार मनीष जैन के सैलाना में पदभार ग्रहण करने के बाद राजस्व एवं प्रशासनिक कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। प्रशासनिक अनुभव के आधार पर उनसे प्रभावी कार्यप्रणाली की अपेक्षा की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि जिले में जारी इस तबादला सूची में कुल 15 तहसीलदार एवं नायब तहसीलदारों के स्थानांतरण एवं नई पदस्थापनाएं की गई हैं। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।

MP Headlines
Author: MP Headlines

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp