13 किलोमीटर दूर स्थित तहसील मुख्यालय के आधार पर क्षेत्रवासियों ने भारतीय रेलवे की परंपरा का हवाला देते हुए नाम परिवर्तन की उठाई मांग

सैलाना। रतलाम–बांसवाड़ा–डूंगरपुर रेल लाइन पर स्थित शिवगढ़ रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर “सैलाना रोड शिवगढ़” किए जाने की मांग अब क्षेत्रवासियों की प्रमुख जनभावना बनती जा रही है। इस संबंध में जनजागरूकता अभियान के तहत एक आकर्षक पोस्टर जारी कर आमजन से समर्थन की अपील की गई है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि सैलाना तहसील मुख्यालय शिवगढ़ रेलवे स्टेशन से लगभग 13 किलोमीटर दूर स्थित है। भारतीय रेलवे में पहले से ऐसी परंपरा रही है कि यदि कोई प्रमुख नगर या तहसील मुख्यालय स्टेशन से कुछ दूरी पर हो, तो स्टेशन के नाम के साथ “रोड” जोड़कर उस नगर की पहचान को स्थान दिया जाता है।

मांग के समर्थन में महिदपुर रोड (19.5 किमी), तराना रोड (10 किमी), गरोठ (8 किमी), रावटी (8 किमी) और उन्हेल (9.6 किमी) जैसे उदाहरण भी प्रस्तुत किए गए हैं, जिनसे स्पष्ट होता है कि रेलवे ने दूरी के बावजूद प्रमुख नगरों की पहचान को स्टेशन के नाम में शामिल किया है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि सैलाना केवल एक तहसील मुख्यालय ही नहीं, बल्कि विधानसभा मुख्यालय, राजस्व एवं पुलिस अनुविभाग मुख्यालय, प्रथम श्रेणी न्यायालय, शासकीय महाविद्यालय तथा आदिवासी अंचल का प्रमुख केंद्र भी है। इसके अलावा नगर दिल्ली–मुंबई एक्सप्रेसवे से लगभग 8 किलोमीटर तथा राष्ट्रीय राजमार्ग-927A पर स्थित होने के कारण इसका प्रशासनिक और भौगोलिक महत्व और अधिक बढ़ जाता है।
जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों का मानना है कि “सैलाना रोड शिवगढ़” नामकरण से क्षेत्र की पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी, यात्रियों को गंतव्य की स्पष्ट जानकारी मिलेगी तथा सैलाना के सामाजिक, प्रशासनिक और पर्यटन महत्व को भी उचित सम्मान प्राप्त होगा।

सैलाना कैक्टस की नगरी वं 5k के के नाम से जाना जाता है
वैसे भी सैलाना क्षेत्र 5k के के नाम से जाना जाता है। वही सैलाना क्षेत्र धार्मिक क्षेत्र भी है जिसमें शिवगढ़ रोड पर श्री केदारेश्वर महादेव मंदिर एवं सरवन रोड पर भी कल्याण श्री केदारेईश्वर महादेव मंदिर प्राकृतिक झरनो से मशहूर है। इस प्रकार सैलाना कैक्टस की नगरी के नाम से भी जाना जाता है।
क्षेत्रवासियों ने केंद्र सरकार और भारतीय रेलवे से मांग की है कि जनभावनाओं का सम्मान करते हुए शिवगढ़ रेलवे स्टेशन का नाम शीघ्र ही “सैलाना रोड शिवगढ़” घोषित किया जाए।
— जनहित में जारी, समस्त सैलाना क्षेत्रवासी
Author: MP Headlines













