तेज रफ्तार और बिना हेलमेट पर सैलाना पुलिस का शिकंजा

14 वाहन चालकों से वसूला ₹4600 का समन शुल्क, सोशल मीडिया पर शिकायतों के बाद हुई कार्रवाई

सैलाना। सोशल मीडिया पर आमजन की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद सैलाना पुलिस ने गुरुवार शाम तेज रफ्तार और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की।

रतलाम-बांसवाड़ा मार्ग स्थित साई पेट्रोल पंप के पास पुलिस ने अचानक वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने, तीन से अधिक सवारी बैठाने तथा तेज रफ्तार से वाहन दौड़ाने वाले 14 वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई करते हुए कुल ₹4600 का समन शुल्क वसूला गया।

अचानक हुई कार्रवाई से कई वाहन चालकों में हड़कंप मच गया। कुछ चालक पुलिस को देखकर रास्ता बदलकर निकल गए, जबकि कई लोगों ने मौके पर ही हेलमेट खरीदकर आगे से यातायात नियमों का पालन करने का संकल्प लिया।

सोशल मीडिया पर मिल रही थीं शिकायतें
थाना प्रभारी पिंकी आकाश ने बताया कि सोशल मीडिया के माध्यम से लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं कि दोपहिया वाहन चालक तेज रफ्तार से वाहन चलाकर आमजन की सुरक्षा को खतरे में डाल रहे हैं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए यह विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया।

उन्होंने बताया कि नगर के विभिन्न स्थानों पर इस प्रकार की चालानी कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। पुलिस का उद्देश्य केवल चालान करना नहीं, बल्कि लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाना है।

सैलाना पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनें, निर्धारित गति सीमा का पालन करें तथा सभी यातायात नियमों का पालन कर स्वयं और दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।

KRISHNA RATHORE
Author: KRISHNA RATHORE

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp