शिक्षक सांस्कृतिक मंच सैलाना द्वारा गीत गायन एवं कविता पाठ प्रतियोगिता आयोजित

20 शिक्षकों ने दी शानदार प्रस्तुतियां, विजेताओं को शिक्षक दिवस पर जिला स्तरीय कार्यक्रम में किया जाएगा सम्मानित

सैलाना। शिक्षकों की प्रतिभा को निखारने एवं उन्हें अपनी कला की प्रस्तुति के लिए उचित मंच प्रदान करने वाले शैक्षणिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक संगठन शिक्षक सांस्कृतिक मंच की सैलाना तहसील शाखा द्वारा नगर में शिक्षकों की गीत गायन एवं कविता पाठ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में साहित्यकार दिनेश बारोठ तथा विशेष अतिथि के रूप में मंच के संरक्षक डॉ. मुनींद्र दुबे उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता खंड स्रोत समन्वयक नरेंद्र पांसी ने की।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। प्रतियोगिता में शिक्षा जगत से जुड़े शिक्षकों ने पूरे उमंग, उल्लास एवं उत्साह के साथ सहभागिता की। कुल 20 प्रतिभागियों ने गीत गायन एवं कविता पाठ प्रतियोगिता में भाग लेकर अपनी विलक्षण प्रतिभा का परिचय दिया। मंच पर शिक्षकों की प्रस्तुतियों ने उपस्थितजनों को प्रभावित किया।

मंच के संरक्षक एवं कार्यक्रम के विशेष अतिथि डॉ. मुनींद्र दुबे ने कहा कि शिक्षक सांस्कृतिक मंच क्षेत्र के शिक्षक-शिक्षिकाओं की साहित्यिक एवं सांस्कृतिक प्रतिभा को निखारने के साथ ही उनकी समस्याओं के समाधान के लिए भी कृतसंकल्पित है। उन्होंने अधिक से अधिक शिक्षक साथियों से मंच की गतिविधियों में सहभागिता करने का आह्वान किया।

मुख्य अतिथि साहित्यकार दिनेश बारोठ ने कहा कि सांस्कृतिक मंच का यह आयोजन अपने आप में विशिष्ट है। इस प्रकार के आयोजन शिक्षकों में साहित्यिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के प्रति रुचि जागृत करने में मील का पत्थर साबित होंगे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए नरेंद्र पांसी ने सफल आयोजन के लिए मंच के अध्यक्ष एवं सदस्यों को बधाई दी। शिक्षक सांस्कृतिक मंच सैलाना के अध्यक्ष डॉ.रविन्द्र उपाध्याय ने बताया की , इस प्रकार के कार्यक्रमों की निरंतरता बनी रहनी चाहिए, ताकि शिक्षकों में अपनी साहित्यिक एवं सांस्कृतिक प्रतिभा के विकास की रुचि लगातार बनी रहे। बीएसी सरिता मोहनिया ने भी अपने विचार व्यक्त किए।

प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका संगीत शिक्षक हरिनारायण गंधर्व, हिंदी साहित्य के डॉ. राकेश राज शर्मा एवं भारती चौहान ने निभाई। निर्णायकों के निर्णय के अनुसार गीत गायन प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग में संजय खरे प्रथम, सचिन मेहता द्वितीय तथा राहुल श्रीवास्तव तृतीय स्थान पर रहे। महिला वर्ग में खुशबू शर्मा प्रथम तथा ममता शर्मा द्वितीय स्थान पर रहीं।
इसी प्रकार कविता पाठ प्रतियोगिता में शालिनी तिवारी प्रथम, संजय खरे द्वितीय तथा पंकज कुशवाहा एवं सत्यनारायण टेलर संयुक्त रूप से तृतीय स्थान पर रहे। विजेता शिक्षकों का मोतियों की माला पहनाकर स्वागत किया गया। आगामी शिक्षक दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय कार्यक्रम में इन विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा।

इस अवसर पर निर्णायक डॉ. राकेश राज शर्मा एवं हरिनारायण गंधर्व ने भी अनौपचारिक रूप से मधुर गीतों की प्रस्तुति देकर कार्यक्रम में रंग भर दिया। अतिथियों का स्वागत डॉ. अंजुम खान, राजेश अवस्थी, देवेंद्र वाघेला, नरेंद्र जाट, जयेश शर्मा, पंकज कुशवाहा, खुशबू शर्मा, भारती चौहान एवं सत्यनारायण टेलर आदि ने किया।

कार्यक्रम में रामकरण कनेरिया, सचिन मेहता, पंकज दोहरे, मुस्तकीम सिद्दीकी, मोहन सिंह चौहान, मथुरालाल पाटीदार, राजेश पाटीदार, मुकेश पारगी, ममता शर्मा, शालिनी तिवारी, संजय खरे, राहुल श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में शिक्षकगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन मंच के अध्यक्ष डॉ. रविंद्र उपाध्याय ने किया तथा आभार डॉ. अंजुम खान ने व्यक्त किया।

MP Headlines
Author: MP Headlines