तिरंगे की शान में गूंजा रतलाम, युवा शक्ति ने दिया राष्ट्रभक्ति का संदेश

रतलाम। भारतीय जनता युवा मोर्चा जिला रतलाम द्वारा आयोजित भव्य तिरंगा वाहन रैली के समापन अवसर पर राष्ट्रभक्ति और उत्साह से ओतप्रोत मंचीय कार्यक्रम आयोजित हुआ। तिरंगे के साथ निकली विशाल वाहन रैली और कार्यक्रम में गूंजे देशभक्ति के नारों ने पूरे वातावरण को राष्ट्रप्रेम के रंग में रंग दिया। जिले की पांचों विधानसभा क्षेत्रों के 25 मंडलों से बड़ी संख्या में युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं ने सहभागिता कर आयोजन को भव्य स्वरूप प्रदान किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारतीय जनता युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर  ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रभक्ति केवल किसी एक दिन तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने युवाओं से देशहित, समाजहित और राष्ट्र निर्माण के कार्यों में पूरी ऊर्जा के साथ सहभागिता का आह्वान किया।

कार्यक्रम के प्रारंभ में युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष अनुकूल सोनी ने मंचासीन अतिथियों का तिरंगा दुपट्टा पहनाकर आत्मीय स्वागत किया। स्वागत भाषण में  सोनी ने कार्यक्रम में पधारे सभी अतिथियों तथा रतलाम जिले की पांचों विधानसभाओं के 25 मंडलों से बड़ी संख्या में उपस्थित युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं का अभिनंदन किया।

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय ने रैली में शामिल युवाओं से तिरंगे की गरिमा और सम्मान बनाए रखने की विशेष अपील की। उन्होंने कहा कि रैली के पश्चात यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी प्रकार से राष्ट्रध्वज का अपमान न हो। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि रैली में उपलब्ध कराए गए तिरंगे को 15 अगस्त को अपने घर पर सम्मानपूर्वक सबसे ऊंची जगह पर फहराएं और सदैव राष्ट्रध्वज की गरिमा एवं सम्मान का विशेष ध्यान रखें।

कार्यक्रम को रतलाम महापौर प्रहलाद पटेल एवं भारतीय जनता युवा मोर्चा प्रदेश महामंत्री  विप्लव जैन ने भी संबोधित किया। दोनों वक्ताओं ने युवाओं को राष्ट्रहित तथा संगठन के कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभाने के लिए प्रेरित किया।
मंच पर आर.डी.ए. अध्यक्ष  मनोहर पोरवाल, निगम अध्यक्ष श्रीमती मनीषा शर्मा, उपाध्यक्ष  गोविंद काकानी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य  बजरंग पुरोहित, शैलेन्द्र डागा, जिला महामंत्री जयवंत कोठारी, पिछड़ा मोर्चा जिलाध्यक्ष  संदीप यादव, सैलाना की पूर्व विधायक श्रीमती संगीता चारेल, अजजा मोर्चा प्रदेश महामंत्री दिलीप मकवाना एवं अजजा मोर्चा जिला अध्यक्ष गोविंद डामोर सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का प्रभावी मंच संचालन श्री सौरभ रंका ने किया।
तिरंगे से सजे वाहनों के साथ निकली भव्य रैली में युवाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। भारत माता के जयघोष और राष्ट्रभक्ति के नारों से रतलाम का वातावरण गूंज उठा। मंच से दिए गए राष्ट्रभक्ति के संदेश और युवाओं द्वारा तिरंगे की गरिमा बनाए रखने के संकल्प ने आयोजन को विशेष रूप से यादगार बना दिया। बड़ी संख्या में युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं की सहभागिता ने यह संदेश दिया कि युवा शक्ति राष्ट्रभक्ति, राष्ट्र सम्मान और राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ पूरी ऊर्जा से आगे बढ़ रही है।

MP Headlines
Author: MP Headlines