जर्जर स्कूल भवनों को डिस्मेंटल कर नए भवन स्वीकृत करें : केशू निनामा

← Back

Thank you for your response. ✨

कलेक्टर से मुलाकात कर आदिवासी अंचलों की शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दे उठाए, बारिश में सड़क व पुलिया निर्माण की भी रखी मांग

रतलाम। जिले के व सैलाना आदिवासी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा विद्यार्थियों और शिक्षकों की जमीनी समस्याओं के समाधान को लेकर जिला पंचायत उपाध्यक्ष एवं जिला शिक्षा समिति चेयरमैन केशू निनामा ने बुधवार को जिला कलेक्टर से मुलाकात की। उन्होंने कलेक्टर को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए जिले में शिक्षा का स्तर और बेहतर करने को लेकर विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।

मुलाकात के दौरान निनामा ने विशेष रूप से आदिवासी अंचलों में संचालित स्कूलों की जर्जर स्थिति का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में कई स्कूल भवन बेहद जर्जर हो चुके हैं तथा कुछ भवन गिरने की कगार पर हैं। ऐसे भवनों में विद्यार्थियों और शिक्षकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर खतरा बना हुआ है।

उन्होंने मांग की कि जर्जर भवनों का तत्काल निरीक्षण कर डिस्मेंटल की कार्रवाई की जाए तथा नए स्कूल भवनों की स्वीकृति शीघ्र प्रदान की जाए, ताकि विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके।

निनामा ने बारिश के दौरान स्कूलों तक पहुंचने वाले मार्गों की समस्या भी कलेक्टर के समक्ष रखी। उन्होंने कहा कि कई ग्रामीण क्षेत्रों में कच्चे रास्ते बारिश के कारण कीचड़ में तब्दील हो जाते हैं, जिससे शिक्षक और विद्यार्थी स्कूल तक नहीं पहुंच पाते। उन्होंने ऐसे मार्गों पर तत्काल मोरमीकरण एवं ग्रेवल सड़क निर्माण कराने की मांग की।

केशू निनामा ने कहा कि जिले के दूरस्थ ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों में शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार करना उनकी प्राथमिकता है। विद्यार्थियों को सुरक्षित भवन, सुगम आवागमन और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाना जरूरी है। उन्होंने शिक्षा से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण मुद्दे भी कलेक्टर के समक्ष रखे और उनके शीघ्र निराकरण की मांग की। कलेक्टर ने शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने तथा विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

MP Headlines
Author: MP Headlines