सैलाना। आन, बान, शान है तिरंगा—मेरा तिरंगा, मेरी पहचान है’ के नारों से गूंजा विद्यालय परिसर ‘विजय विश्व तिरंगा प्यारा, झंडा ऊँचा रहे हमारा’ जैसे देशभक्ति से ओतप्रोत नारों की गूंज से सांदीपनि शासकीय मॉडल स्कूल, सैलाना में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत आयोजित तिरंगा रैली के दौरान पूरा वातावरण देशभक्तिमय हो गया। विद्यार्थियों ने हाथों में तिरंगा लेकर देश के राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और गौरव की भावना व्यक्त की।

रैली में विद्यार्थियों के साथ शिक्षक सुरेश चंद बानिया, युगांतर सिंह एवं धर्मेंद्र सिंह उपस्थित रहे। रैली को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्राचार्य गिरीश सारस्वत ने कहा कि हमारा तिरंगा हमारी स्वतंत्रता और राष्ट्रीय अस्मिता की पहचान है। यह हमें उन वीर स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान की याद दिलाता है, जिन्होंने देश की स्वतंत्रता और सम्मान की रक्षा के लिए अपने प्राणों का उत्सर्ग किया। इसलिए हमें अपने तिरंगे का सम्मान करने के साथ-साथ स्वतंत्रता के महत्व को भी समझना चाहिए और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए।
‘हर घर तिरंगा’ कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यालय में विद्यार्थियों के लिए विभिन्न रचनात्मक एवं देशभक्तिपूर्ण गतिविधियों का आयोजन भी किया गया। इनमें देशभक्ति गीत गायन प्रतियोगिता, रंगोली, मेहंदी तथा तिरंगे के महत्व पर कार्ड मेकिंग प्रतियोगिता प्रमुख रहीं। विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा के माध्यम से तिरंगे के प्रति अपने सम्मान, गौरव और देशप्रेम की भावनाओं को सुंदर ढंग से अभिव्यक्त किया। विद्यार्थियों द्वारा मानव श्रृंखला बनाकर राष्ट्र की एकता और अखंडता का संदेश दिया ।
इन गतिविधियों के मार्गदर्शक शिक्षक किरण देदरा, योगेश परमार, पलक विश्वकर्मा, इमरोज खान , अशोक सिंह गौर ,नवीन उपाध्याय एवं आयुषी जोशी रहे। विद्यालय में आयोजित इन गतिविधियों ने विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता, रचनात्मकता एवं जिम्मेदार नागरिक होने की भावना को और अधिक सुदृढ़ किया।
Author: MP Headlines






