- सेवा की ऐसी मिसाल, जहां रिश्ते खून से नहीं संस्कारों से बनते हैंl
- ओंकारेश्वर, पितृ पर्वत और महाकाल के दर्शन के लिए लक्जरी बसों से रवाना हुईं महिलाएं
सैलाना। सेवा, संस्कार, श्रद्धा और समर्पण जब एक साथ जुड़ते हैं, तो वह केवल एक आयोजन नहीं रहता, बल्कि समाज के लिए प्रेरणा बन जाता है। सैलाना में ऐसा ही अनुकरणीय उदाहरण पार्षद विशाल धबाई और उनकी पार्षद पत्नी हेमलता धबाई ने लगातार चौथे वर्ष प्रस्तुत किया। श्रावण मास की पावन बेला में धबाई दंपती ने सैलाना की सैकड़ों महिलाओं को अपने परिवार का सदस्य मानते हुए निःशुल्क तीर्थ यात्रा करवाई।

इस वर्ष महिलाओं को लक्जरी बसों के माध्यम से ओंकारेश्वर, पितृ पर्वत और उज्जैन स्थित बाबा महाकाल के दर्शन करवाए जा रहे हैं। यात्रा के पीछे धार्मिक आस्था के साथ बुजुर्ग माताओं और बहनों के प्रति सम्मान, अपनत्व और सेवा की भावना प्रमुख रही।
यात्रा का शुभारंभ गुरुवार शाम 7.45 बजे उदय विहार कॉलोनी स्थित अन्नपूर्णा माता मंदिर में भव्य आरती के साथ हुआ। आरती में पूर्व विधायक संगीता चारेल, क्रांति जोशी सहित नगर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। आरती के पश्चात सैकड़ों महिलाएं बैंड-बाजों और भजन-कीर्तन के साथ पैलेस चौराहा, सदर बाजार होते हुए घंटाघर पहुंचीं। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं और नगरवासियों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया।
घंटाघर पर लक्जरी बसें महिलाओं के स्वागत और यात्रा के लिए तैयार खड़ी थीं। रात 9 बजे बसों को हरी झंडी दिखाकर तीर्थ यात्रा के लिए रवाना किया गया। इस दौरान पूरा वातावरण धार्मिक उत्साह और श्रद्धा से सराबोर नजर आया।
जब माताओं ने कहा—‘जो बेटा नहीं कर सकता, वह धबाई दंपती ने कर दिखाया’
यात्रा के लिए बसों में बैठते समय कई वृद्ध महिलाओं की आंखें खुशी से नम हो गईं। उनके चेहरों पर वर्षों से संजोए तीर्थ दर्शन की खुशी साफ दिखाई दे रही थी। महिलाओं ने भावुक होकर धबाई दंपती को आशीर्वाद देते हुए कहा कि “जो काम बेटा भी नहीं कर सकता, वह काम धबाई दंपती ने किया है।”
इन शब्दों में केवल धन्यवाद नहीं, बल्कि उस अपनत्व की भावना थी, जिसने इस यात्रा को एक सामान्य धार्मिक आयोजन से कहीं ऊपर उठा दिया। माताओं ने धबाई दंपती के इस सेवाभाव के लिए आभार व्यक्त करते हुए उन्हें सुख, समृद्धि और निरंतर सेवा की शक्ति का आशीर्वाद दिया।

बस स्टैंड पर व्यापारी एसोसिएशन ने किया आत्मीय स्वागत
तीर्थ यात्रा के दौरान जब बसें सैलाना बस स्टैंड पहुंचीं तो सैलाना व्यापारी एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने पार्षद धबाई दंपती का पुष्पमाला पहनाकर आत्मीय स्वागत किया। व्यापारियों ने इस सेवाभावी पहल की सराहना करते हुए कहा कि समाज में ऐसे कार्य सेवा और संस्कार की सकारात्मक भावना को मजबूत करते हैं। इस पुण्य कार्य वीडी ग्रुप के सदस्यों ने भी सहयोग प्रदान किया।
‘मातृशक्ति की सेवा ही सच्ची सेवा’
पार्षद विशाल धबाई और हेमलता धबाई ने कहा कि मातृशक्ति की सेवा ही सच्ची सेवा है। जिन माताओं और बहनों ने अपना पूरा जीवन परिवार और समाज को समर्पित किया, उनके लिए कुछ पल सेवा और सम्मान के समर्पित करना हमारा सौभाग्य है। उन्होंने कहा कि यह सेवा किसी स्वार्थ के लिए नहीं, बल्कि आस्था, संस्कार और सामाजिक दायित्व की भावना से की जा रही है और सेवा का यह सिलसिला आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
Author: MP Headlines






