अखंड भारत संकल्प समिति के तत्वावधान में हुआ आयोजन, भारत माता के जयघोष और वंदे मातरम् के सामूहिक गायन से गूंजा नगर
सैलाना। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर शुक्रवार शाम सैलाना नगर राष्ट्रभक्ति के अद्भुत उत्साह और ऊर्जा से सराबोर नजर आया। अखंड भारत संकल्प समिति, सैलाना के तत्वावधान में भव्य मशाल यात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें देशप्रेम और राष्ट्रीय एकता की भावना से ओतप्रोत नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
मशाल यात्रा का शुभारंभ कसेरा धर्मशाला से हुआ। हाथों में प्रज्वलित मशालें थामे सहभागी भारत माता के जयघोष और राष्ट्रभक्ति के नारों के साथ नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए घंटाघर पहुंचे। मशालों की रोशनी, गूंजते देशभक्ति के उद्घोष और नागरिकों के उत्साह ने पूरे वातावरण को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया।

यात्रा का उद्देश्य केवल आयोजन तक सीमित न रहकर साहस, समर्पण, राष्ट्रीय चेतना तथा भारत की एकता और अखंडता के प्रति नागरिकों में जागरूकता का संदेश देना रहा। यात्रा के दौरान युवाओं सहित नगरवासियों में विशेष उत्साह दिखाई दिया।
घंटाघर पहुंचने के पश्चात कार्यक्रम का भावपूर्ण समापन भारत माता की आरती के साथ हुआ। इसके बाद उपस्थित सभी लोगों ने सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया। भारत माता के जयकारों से घंटाघर सहित आसपास का वातावरण गूंज उठा और पूरा नगर देशभक्ति की भावना से अभिभूत नजर आया।
इस अवसर पर अखंड भारत संकल्प समिति की ओर से नागरिकों से आह्वान किया गया कि वे राष्ट्रहित, राष्ट्रीय एकता और देश की अखंडता के प्रति सदैव जागरूक, सजग और समर्पित रहें। आयोजन में नगरवासियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता ने कार्यक्रम को भव्य एवं प्रभावशाली स्वरूप प्रदान किया। बौधिक चरण सिंह चौधरी का रहा।
Author: MP Headlines






