एक पौधा मां के नाम” अभियान के तहत किया पौधारोपण, धर्म-संस्कार और सामाजिक सेवा का दिया संदेश
सैलाना। अखिल भारतीय श्री जैन श्वेतांबर युवक महासंघ के आह्वान पर प्रदेशभर में आयोजित ध्वजारोहण कार्यक्रमों की श्रृंखला में सैलाना इकाई द्वारा भी गरिमामय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रध्वज फहराने के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए “एक पौधा मां के नाम” अभियान के अंतर्गत पौधारोपण किया गया।

कार्यक्रम में युवक महासंघ के अध्यक्ष तरुण जैन ने ध्वजारोहण किया। इसके पश्चात वरिष्ठ साथी संजय तांतेड़, प्रमोद भंडारी एवं इंद्रेश चंडालिया ने संबोधित करते हुए युवक महासंघ की विभिन्न गतिविधियों, सामाजिक सेवा तथा समाज के प्रति युवाओं के दायित्वों पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि समाज की प्रगति के लिए युवाओं की सक्रिय भागीदारी और सेवा भावना अत्यंत आवश्यक है।
इसके बाद पूज्य साध्वीजी के प्रवचन हुए। साध्वीजी ने धर्म, सेवा, संस्कार और सामाजिक जिम्मेदारियों का महत्व बताते हुए समाजजनों से समाजहित में सकारात्मक एवं रचनात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि धार्मिक संस्कारों के साथ सेवा, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सरोकारों के प्रति जागरूकता भी आवश्यक है।

कार्यक्रम के दौरान “एक पौधा मां के नाम” अभियान के तहत उपस्थित सदस्यों ने पौधारोपण किया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया गया। आयोजकों ने कहा कि पौधारोपण केवल एक आयोजन तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसे निरंतर जनअभियान का स्वरूप देना ही अभियान का मुख्य उद्देश्य है।
इस अवसर पर समाज के वरिष्ठ पारस बाफना, पंकज चंडालिया, मनोज भंडारी, संजय राठौड़, युवक संघ की प्रियंका चंडालिया, नवदीप मेहता, पवन चंडालिया, विकास चंडालिया, अंकित कोठारी, अकुर चंडालिया, आकाश भंडारी, प्रियेश बाफना, राजेश कोठारी, अपूर्व नाहटा, शैलेश चंडालिया, आकाश चंडालिया सहित समाजजन एवं युवक महासंघ के साथी उपस्थित रहे।
Author: MP Headlines






