सैलाना में हर्षोल्लास से मनाया  80वां स्वतंत्रता दिवस, छात्र छात्राओं ने निकाली प्रभात फेरी

सैलाना। रतलाम जिले के सैलाना नगर सहित क्षेत्र में में 15 अगस्त को 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, उमंग और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। मुख्य सार्वजनिक समारोह कृषि उपज मंडी प्रांगण में आयोजित हुआ। नगर के विभिन्न शासकीय-अर्धशासकीय संस्थानों, शैक्षणिक परिसरों एवं सार्वजनिक स्थलों पर भी ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किए गए।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रातः बस स्टैंड से बैंड-बाजे के साथ छात्र-छात्राओं द्वारा प्रभात फेरी निकाली गई। विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं तिरंगा लेकर प्रभात फेरी में शामिल हुए। रैली के अंतिम छोर पर भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारी कार्यकर्ता गण चल रहे थे। प्रभात फेरी नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए कृषि उपज मंडी प्रांगण पहुंची। इस दौरान देशभक्ति के नारों और राष्ट्रभक्ति गीतों से पूरा नगर गूंज उठा तथा नगरवासियों में उत्साह का माहौल रहा।

मंडी प्रांगण में हुआ मुख्य समारोह
मुख्य समारोह में प्रातः 8:58 बजे मुख्य अतिथि का आगमन हुआ। स्वागत के बाद प्रातः 9 बजे विधिवत ध्वजारोहण किया गया। जनपद अध्यक्ष ने राष्ट्रध्वज फहराया। ध्वजारोहण के पश्चात राष्ट्रीय गीत एवं राष्ट्रगान का सामूहिक गायन हुआ तथा परेड दल ने सलामी दी। प्रातः 9:10 बजे मुख्य अतिथि द्वारा परेड का निरीक्षण किया गया। विभिन्न दलों के अनुशासित मार्चपास्ट ने उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया।

समारोह में , एसडीएम सुनील जायसवाल, तहसीलदार मनीष जैन, एसडीओपी नीलम बघेल, जनपद मुख्य कार्यपालन अधिकारी रिया गेरा, मंडी सचिव रूमान सिंह भयड़िया, भाजपा मंडल अध्यक्ष पंकज राठौड़, मांगीलाल खराड़ी, नाथूलाल राठौड़, पूर्व मंडल अध्यक्ष श्याम धाकड़, भूपेंद्र जायसवाल एवं किशोर कसेरा, ललित कसेरा सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अगले चरण में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संदेश का लाइव प्रसारण किया गया। उपस्थित लोगों ने मुख्यमंत्री का संदेश सुना। इसके बाद विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियां देकर समारोह में उत्साह और उमंग का माहौल बना दिया। प्रस्तुतियों के दौरान पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता बच्चों को प्रशस्ति पत्र एवं शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मान मिलने पर बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम का संचालन डॉक्टर मुनिंद्र दुबे ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन सीएम राइज स्कूल के प्राचार्य वीरेंद्र मिंडा द्वारा व्यक्त किया गया।

अनेक स्थानों पर हुआ झंडा वंदन
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नगर के विभिन्न शासकीय कार्यालयों, विद्यालयों, संस्थानों एवं सार्वजनिक स्थलों पर भी विधिवत झंडा वंदन किया गया। पूरे नगर में दिनभर देशभक्ति का माहौल बना रहा और नागरिकों ने उत्साहपूर्वक स्वतंत्रता दिवस मनाया।

सैलाना विधानसभा क्षेत्र के विधायक (बाप पार्टी) के विधायक कमलेश्वर डोडियार द्वारा भी बस स्टैंड कार्यालय पर अपने कार्यकर्ताओं के साथ झंडा वंदन किया गया।
दीनदयाल बस स्टैंड स्थल पर यहां भाजपा द्वारा आयोजित झंडा वंदन का कार्यक्रम आयोजित किया गया यहां भाजपा मंडल अध्यक्ष पंकज राठौर द्वारा लहराया गया इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
स्थानीय सैलाना बस स्टैंड पर ब्लॉक कांग्रेस एवं नगर कांग्रेस द्वारा आयोजित झंडा वंदन का आयोजित किया गया यहां पर प्रतिवर्ष अनुसार इस वर्ष भी पूर्व विधायक एवं जिला कांग्रेस अध्यक्ष हर्ष विजय गेहलोत द्वारा ध्वज फहराया गया इस अवसर पर कांग्रेस के वरिष्ठ से लगाकर युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित थे।
MP Headlines
Author: MP Headlines