कावड़ यात्रियों का उमड़ा जनसैलाब, श्रद्धालुओं ने जगह-जगह किया शाही सवारी का स्वागत
सैलाना। रतलाम जिले के सैलाना नगर में श्रावण मास के तीसरे सोमवार को सैलाना नगर में भक्ति और आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। नगर में बाबा महाकाल की शाही सवारी एवं कावड़ यात्रा निकली गई। इस दौरान पूरा नगर ‘बोल बम’ और शिव स्तुति के जयघोष से गूंजायमान रहा। बड़ी संख्या में महिला, पुरुष, युवा और बच्चे शाही सवारी में शामिल हुए और भगवान महाकाल भोलेनाथ की भक्ति में सराबोर नजर आए।

प्रयत्न जनकल्याण समिति, सैलाना द्वारा प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी बाबा महाकाल की शाही सवारी का आयोजन किया गया। समिति द्वारा लगातार 15वें वर्ष आयोजित की गई इस धार्मिक यात्रा में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। बाबा महाकाल की शाही सवारी का शुभारंभ नीलकंठेश्वर महादेव मंदिर पर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक एवं विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इसके बाद पालकी में विराजमान बाबा महाकाल ने नगर भ्रमण किया। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर भगवान बाबा महाकाल का स्वागत किया।
हर्ष विजय गेहलोत ने किया कावड़ यात्रियों का स्वागत
सदर बाजार स्थित सोनाचांदी मार्केट पर सैलाना विधानसभा के पूर्व विधायक एवं जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष हर्ष विजय गेहलोत के नेतृत्व में कावड़ यात्रियों और श्रद्धालुओं का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। गेहलोत ने पालकी में विराजमान बाबा महाकाल की पूजा-अर्चना की तथा पालकी को कंधा देकर धर्मलाभ लिया।
इस अवसर पर उनके मित्र मंडल से पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष जगदीश पाटीदार, दिनेश सोनी, हनी मंगलेश कसेरा एवं किशोर पाटीदार सहित अन्य श्रद्धालुओं ने भी बाबा भोलेनाथ की शाही सवारी में शामिल होकर धर्मलाभ लिया।

युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष अनुकूल सोनी ने भी उठाई पालकी
शाही सवारी के दौरान भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष अनुकूल सोनी ने भी पालकी में विराजमान भगवान बाबा महाकाल को मंगलमय पुष्पमाला अर्पित कर पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने पालकी को कंधा देकर अपनी आस्था प्रकट की।
प्रमुख मार्गों से होते हुए केदारेश्वर महादेव पहुंची शाही सवारी
बाबा महाकाल की शाही सवारी नगर के शेखजी मोहल्ला, देवरी मोहल्ला, बस स्टैंड, सदर बाजार, पैलेस चौराहा एवं दिलीप मार्ग सहित प्रमुख मार्गों से होते हुए अड़वानिया स्थित प्राचीन केदारेश्वर महादेव मंदिर पहुंची। यहां श्रद्धालुओं द्वारा भगवान केदारेश्वर महादेव का जलाभिषेक एवं पूजा-अर्चना की गई। इसके पश्चात महाआरती आयोजित हुई और श्रद्धालुओं को प्रसादी का वितरण किया गया। पूरे आयोजन के दौरान नगर में धार्मिक उत्साह, भक्ति और आस्था का वातावरण बना रहा।

सैलाना श्री बजरंग व्यायाम शाला द्वारा दिलीप मार्ग नागेश्वर मंदिर पर कावड़ यात्रियों के लिए खीर वितरित की गई । दाऊदी बोहरा समाज युवा व्यापारी फकरी भाई द्वारा नींबू पानी के शरबत से कावड़ यात्राओं का स्वागत किया गया। श्री भोले भक्त मंडल द्वारा शिवगढ़ रोड पर पूरे दिन कावड़ यात्रियों को फरियाली खिचड़ी वितरित की गई ।
आज पूरे समय शहर नगर में धर्म गंगा बहने पर नगर में यातायात व्यवस्था हेतु आवागमन व्यवस्थित करने के लिए सैलाना प्रशासन एवं पुलिस थाना सैलाना की टीम द्वारा जगह-जगह यातायात व्यवस्थाओं का जायजा लेकर यातायात व्यवस्था को सुगम बनाए रखा।
Author: MP Headlines






