सैलाना। भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक नियुक्तियों के तहत मध्यप्रदेश महिला मोर्चा के विभिन्न संभागों के प्रभारियों की नियुक्ति की है। प्रदेश अध्यक्ष की सहमति से जारी आदेश में रतलाम जिला भाजपा उपाध्यक्ष एवं सैलाना नगर परिषद की पूर्व अध्यक्ष श्रीमती क्रांति जोशी को ग्वालियर संभाग का प्रभारी नियुक्त किया गया है।

भाजपा महिला मोर्चा मध्यप्रदेश की प्रदेश अध्यक्ष एड. अर्चना परांजपे राजावड़े द्वारा 20 अगस्त 2026 को जारी आदेश में प्रदेश के विभिन्न संभागों के लिए महिला मोर्चा प्रभारियों की घोषणा की गई। इसमें ग्वालियर संभाग की जिम्मेदारी श्रीमती क्रांति जोशी को सौंपी गई है।
क्रांति जोशी को संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने से सैलाना सहित रतलाम जिले के भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में खुशी की लहर है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनके इस दायित्व को सैलाना और रतलाम जिले के लिए गौरव की उपलब्धि बताते हुए शुभकामनाएं एवं बधाई दी।
श्रीमती क्रांति जोशी लंबे समय से भारतीय जनता पार्टी के संगठनात्मक कार्यों से जुड़ी रही हैं। वे रतलाम जिला भाजपा उपाध्यक्ष के रूप में संगठन को मजबूती देने में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। इससे पूर्व वे सैलाना नगर परिषद की अध्यक्ष भी रह चुकी हैं। संगठन में उनके अनुभव, सक्रियता और कार्यशैली को देखते हुए पार्टी ने उन्हें ग्वालियर जैसे महत्वपूर्ण संभाग की जिम्मेदारी सौंपी है।
नवनियुक्त संभाग प्रभारी क्रांति जोशी के समक्ष ग्वालियर संभाग में महिला मोर्चा के संगठन को और अधिक मजबूत करने, महिला कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने तथा पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी रहेगी।
भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने दी बधाई
क्रांति जोशी की नियुक्ति पर भाजपा कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों एवं समर्थकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी और उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। कार्यकर्ताओं ने विश्वास जताया कि उनके संगठनात्मक अनुभव और सक्रिय नेतृत्व से ग्वालियर संभाग में भाजपा महिला मोर्चा को नई मजबूती मिलेगी।
Author: MP Headlines






