सैलाना। सैलाना नगर के बाईपास स्थित सांदीपनि शासकीय मॉडल स्कूल, सैलाना में छात्र परिषद के चुनाव लोकतांत्रिक एवं निष्पक्ष प्रक्रिया के साथ संपन्न हुए। विद्यालय में छात्र परिषद के चुनाव के माध्यम से विद्यार्थी हमारे देश की निर्वाचन प्रक्रिया को नजदीक से देखने और समझने का अवसर प्राप्त करते हैं। साथ ही, इससे विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, सहभागिता, जिम्मेदारी एवं लोकतांत्रिक मूल्यों का विकास होता है।

यह विचार विद्यालय के प्राचार्य गिरीश सारस्वत ने छात्र परिषद के चुनाव के अवसर पर व्यक्त किए। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि छात्र परिषद को प्राप्त अधिकारों के साथ-साथ विद्यालय के विकास में अपने दायित्वों का भी पूरी निष्ठा से निर्वहन करना चाहिए। छात्र परिषद विद्यार्थियों और विद्यालय प्रशासन के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य कर सकती है।
छात्र परिषद के चुनाव में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। निर्वाचित विद्यार्थियों ने अपनी प्राथमिकताएं बताते हुए कहा कि वे विद्यालय की विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता करते हुए विद्यालय के विकास में अपना योगदान देंगे।

छात्र परिषद की कार्यकारिणी में अध्यक्ष पद पर कक्षा 12वीं के दीपक पाटीदार, उपाध्यक्ष पद पर आरती डोडियार तथा सचिव पद पर अनुष्का मांडोत विजयी रहीं। इसके अतिरिक्त सांस्कृतिक सचिव परिधि डामोर, विज्ञान सचिव भूमिका चौबीसा, अनुशासन सचिव अंशुल पाटीदार, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता मंत्री माही शर्मा, पुस्तकालय सचिव प्रिया सोलंकी, पर्यावरण सचिव ऋतिक पाटीदार एवं पर्यटन सचिव उदित पाटीदार निर्वाचित हुए।
माध्यमिक कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए बाल कैबिनेट का भी गठन किया गया। इसमें प्रधानमंत्री पलक चौहान, शिक्षा मंत्री शक्ति शर्मा, स्वास्थ्य मंत्री अर्पिता चौहान, स्वच्छता मंत्री कार्तिक पाटीदार एवं पुस्तकालय मंत्री आर्यन कुमार चुने गए।
विद्यालय में छात्र परिषद के निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित चुनाव की प्रक्रिया शिक्षक वैभव दुबे, रवि जोनवेल, कमलेश पाटीदार, योगेश परमार एवं श्वेता नागर द्वारा संपन्न कराई गई।
Author: MP Headlines






