सैलाना/घोड़ा पल्ला। रतलाम जिले के सैलाना क्षेत्र के एकीकृत शासकीय माध्यमिक विद्यालय घोड़ा पल्ला के प्रतिभावान विद्यार्थी करण भूरिया ने राज्य स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी 2025-26 में गणित विषय में द्वितीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है। इस उल्लेखनीय उपलब्धि के बाद करण भूरिया का राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए दिल्ली जाना भी फाइनल हो गया है।

करण भूरिया ने यह सफलता विद्यालय की शिक्षिका श्रीमती स्वाति सक्सेना के उत्कृष्ट मार्गदर्शन एवं अथक प्रयासों से प्राप्त की। उनके मार्गदर्शन में करण ने गणित विषय में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य स्तर पर द्वितीय स्थान हासिल किया।
करण की इस उपलब्धि पर शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय शिवगढ़ के प्राचार्य जितेंद्र प्रसाद गुप्ता, विकासखंड स्रोत समन्वयक नरेंद्र कुमार पासी, जन शिक्षक रमेश परिहार, पप्पू सिंह लोधी, संकुल समन्वयक देवेंद्र वाघेला, संस्था प्रभारी लक्ष्मण अमलियार, घनश्याम बैरागी, महेंद्र सिंह पवार, भारत सिंह चौहान एवं राधेश्याम मालवीय सहित विद्यालय परिवार एवं शिक्षा जगत से जुड़े लोगों ने हर्ष व्यक्त करते हुए करण भूरिया एवं शिक्षिका स्वाति सक्सेना को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
राज्य स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी में शानदार प्रदर्शन के बाद अब करण भूरिया राष्ट्रीय स्तर पर दिल्ली में आयोजित होने वाली प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे। उनकी इस उपलब्धि को क्षेत्र के लिए गौरव का विषय माना जा रहा है।

Author: MP Headlines






