भोलेनाथ की भक्ति में दिखी सामाजिक समरसता की अद्भुत मिसाल

अनुकूल सोनी मित्र मंडल ने कावड़ यात्रियों पर की पुष्पवर्षा, प्रांजल पांडे का महाकालेश्वर प्रतीक चिन्ह से किया सम्मान

सैलाना। सावन माह के पावन अवसर पर प्रतिवर्षानुसार जावरा से निकली सामाजिक समरसता कावड़ यात्रा के सैलाना पहुंचने पर श्रद्धा, सेवा और भाईचारे का अनुपम संगम देखने को मिला। यात्रा की अगवानी कर रहे शिव भक्त सेवा समिति, जावरा के संस्थापक प्रांजल पांडे के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कावड़ यात्री सैलाना पहुंचे।

सैलाना-शिवगढ़ रोड स्थित कसेरा फार्म हाउस पर अनुकूल सोनी मित्र मंडल द्वारा कावड़ यात्रियों का स्वागत एवं वंदन किया गया। इस अवसर पर अनुकूल सोनी एवं मित्र मंडल के सदस्यों ने यात्रा के संस्थापक प्रांजल पांडे को महाकालेश्वर का प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

कावड़ यात्रियों के पहुंचते ही पूरा वातावरण ‘हर-हर महादेव’, ‘बोल बम’ और ‘जय भोलेनाथ’ के जयघोष से गूंज उठा। अनुकूल सोनी मित्र मंडल की ओर से कावड़ यात्रियों पर पुष्पवर्षा कर उनका भव्य अभिनंदन किया गया। श्रद्धाभाव से किए गए इस स्वागत ने धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक समरसता और भाईचारे का संदेश दिया।

सेवा में दिखाई श्रद्धा, कराया फरियाली खिचड़ी का प्रसाद
स्वागत अवसर पर अनुकूल सोनी मित्र मंडल द्वारा कावड़ यात्रियों के लिए फरियाली खिचड़ी के प्रसाद की विशेष व्यवस्था की गई। मंडल सदस्यों ने श्रद्धापूर्वक यात्रियों को प्रसाद वितरित किया। लंबी धार्मिक यात्रा पर निकले कावड़ यात्रियों ने प्रसाद ग्रहण कर अनुकूल सोनी एवं मित्र मंडल के सेवा-सत्कार के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस दौरान पूरा वातावरण धार्मिक उत्साह और भक्तिभाव से सराबोर रहा। कावड़ यात्रियों के स्वागत में उमड़ा उत्साह सामाजिक एकता और धार्मिक आस्था की मजबूत तस्वीर प्रस्तुत कर रहा था।

धर्म के साथ भाईचारे और समरसता का संदेश
इस अवसर पर मंडल सदस्यों ने कहा कि धार्मिक यात्राओं में शामिल श्रद्धालुओं की सेवा करना सौभाग्य और पुण्य का कार्य है। सामाजिक समरसता कावड़ यात्रा केवल भगवान शिव की भक्ति का माध्यम नहीं, बल्कि समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे, एकता और समरसता का संदेश देने वाली यात्रा भी है।
कार्यक्रम के दौरान मंडल के सदस्य एवं बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।

MP Headlines
Author: MP Headlines