शक्कर से लेकर तेल तक बढ़ती कीमतों पर कांग्रेस का हल्लाबोल, तख्तियों में दिखा आमजन की रसोई का दर्द
सैलाना। रतलाम जिले के सैलाना नगर में आज एक अनोखा प्रदर्शन देखने को मिला जिसमें भाजपा सरकार के रोजमर्रा की जरूरतों की वस्तुओं के लगातार बढ़ते दामों और महंगाई के खिलाफ गुरुवार को सैलाना में कांग्रेस ने पैदल मार्च निकालकर विरोध प्रदर्शन किया।

रतलाम जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष एवं सैलाना विधानसभा के पूर्व विधायक हर्ष विजय गेहलोत के नेतृत्व में निकले मार्च में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और महंगाई से परेशान आम परिवारों की आवाज को प्रमुखता से उठाया। पूर्व विधायक अपने हाथों में शक्कर की थैली लेकर उसमें से आमजन को शक्कर की प्रसादी स्वरूप प्रदान की गई और बताया कि भाजपा सरकार इस शक्कर को भी प्रसाद के रूप में लाने पर आमादा है। यह इतनी महंगी कर दी है। यह रैली नगर से निकलकर पुलिस थाना परिसर पहुंची यहां पर बढ़ती महंगाई के विरोध में राज्यपाल के नाम ज्ञापन सैलाना तहसीलदार मनीष जैन को भाजपा सरकार की महंगाई के खिलाफ एक ज्ञापन जैन को सोंपा। गेहलोत ने शक्कर की प्रसाद तहसीलदार मनीष जैन को भी प्रदान की गई।

प्रदर्शन के दौरान हाथों में दिखाई दी तख्तियों ने सीधे आमजन की जरूरतों और घरेलू बजट से जुड़े सवाल खड़े किए। इनमें “अबकी बार शक्कर 100 पार”, “खाली जेब, बढ़ते दाम—कैसे चलेगा आम इंसान?”, “भाजपा के बड़े शेर, खा गए शक्कर, पी गए तेल”, “चाय खतरे में, मिलकर चीनी पहुंच गई सत्तर”, “कमरतोड़ महंगाई है जबसे भाजपा आई है” और “तेल महंगाई है जबसे भाजपा आई है” जैसे नारे लिखे थे।
चाय की प्याली से त्योहार की मिठाई तक महंगाई का असर
कांग्रेस ने प्रदर्शन के माध्यम से यह मुद्दा उठाया कि शक्कर, तेल और अन्य जरूरी सामान की कीमतों में बढ़ोतरी का असर सीधे घर की रसोई पर पड़ रहा है। सुबह की चाय, बच्चों के नाश्ते से लेकर त्योहारों पर बनने वाली मिठाइयों तक हर जगह बढ़ती कीमतों का असर दिखाई दे रहा है। ऐसे में सीमित आमदनी वाले परिवारों के लिए घरेलू बजट संभालना चुनौती बनता जा रहा है।
तख्तियों पर लिखे “खाली जेब, बढ़ते दाम—कैसे चलेगा आम इंसान?” जैसे नारों के जरिए प्रदर्शनकारियों ने महंगाई के बीच आम आदमी की आर्थिक परेशानी को सामने रखा। वहीं “अबकी बार शक्कर 100 पार” और शक्कर-तेल से जुड़े नारों के जरिए खाद्य वस्तुओं की बढ़ती कीमतों पर सरकार से नियंत्रण की मांग की गई।

पूर्व विधायक हर्ष विजय गेहलोत ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि महंगाई का सबसे अधिक असर गरीब, मजदूर, किसान और मध्यमवर्गीय परिवारों पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि जब रसोई में इस्तेमाल होने वाली आवश्यक वस्तुएं महंगी होती हैं तो इसका सीधा असर पूरे परिवार के मासिक बजट पर पड़ता है। सरकार को आमजन को राहत देने के लिए महंगाई पर प्रभावी नियंत्रण करना चाहिए।
प्रसाद के रूप में शक्कर बांटी, भजन-कीर्तन से जताया विरोध
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लोगों को प्रसाद के रूप में शक्कर वितरित की। वहीं मंजीरे लेकर भजन-कीर्तन की मुद्रा में भी अनूठे अंदाज में विरोध दर्ज कराया गया। कार्यकर्ताओं ने “भाजपा को सद्बुद्धि दे भगवान” जैसे नारे लगाते हुए सरकार से महंगाई पर अंकुश लगाने की मांग की।

पैदल मार्च में ब्लॉक अध्यक्ष सुरेश डिंडोर पूर्व मंडी अध्यक्ष शेखर गेहलोत पूर्व ब्लाक अध्यक्ष एवं जिला उपाध्यक्ष कांग्रेस जगदीश पाटीदार, युवा विधानसभा अध्यक्ष हन्नी गेहलोत, सुशील मांडोत, पार्षद मंगलेश कसेरा, ब्लॉक किसान कांग्रेस अध्यक्ष किशोर पाटीदार ,वजेसिंह खराड़ी पूर्व पार्षद हेमंत कुमावत, श्यामलाल, निर्भय सिंह लबाना सेवालाल समरथ टाक सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां और कांग्रेस के झंडे लेकर नगर में पैदल मार्च किया तथा बढ़ती महंगाई के विरोध में जमकर नारेबाजी की।
महंगाई डायन खाए जात है भी इस रैली में गाना गाया जा (म्यूजिक चल) रहा था।
कांग्रेस का यह प्रदर्शन भाजपा सरकार के राजनीतिक विरोध के साथ-साथ आम परिवार की रसोई, चाय, तेल, शक्कर और मासिक घरेलू बजट जैसे सीधे जनजीवन से जुड़े मुद्दों को केंद्र में लाने वाला रहा।
Author: MP Headlines






