रतलाम। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत शनिवार को रतलाम के अलकापुरी स्थित कम्युनिटी हॉल (अटल सभागृह) में मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर आयोजित किया गया। शिविर में जनसंवाद के माध्यम से नागरिकों की समस्याएं सुनी गईं और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित निराकरण के निर्देश दिए गए। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन को शासन की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ सहज और सरल तरीके से उपलब्ध कराना रहा।
शिविर में नगर निगम अध्यक्ष श्रीमती मनीषा शर्मा, विकास प्राधिकरण अध्यक्ष श्री मनोहर पोरवाल, एल्डरमैन श्री प्रभु नेका, डीआईजी श्री निमिष अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार, रतलाम शहर आयुक्त श्री अनिल भाना तथा रतलाम शहर एसडीएम श्री तरुण जैन सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, आम नागरिक एवं पत्रकार मौजूद रहे।
अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना उद्देश्य
नगर निगम अध्यक्ष श्रीमती मनीषा शर्मा ने कहा कि अंतिम व्यक्ति और पात्र हितग्राही तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाना मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि शिविरों के माध्यम से आमजन के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनी जा रही हैं और उनके निराकरण की कार्रवाई की जा रही है।
विकास प्राधिकरण अध्यक्ष श्री मनोहर पोरवाल ने कहा कि जनता के प्रति विश्वास रखने वाली सरकार जनता के बीच पहुंचकर जनता के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों के कार्य आसानी से और समय पर हो सकें, इसी उद्देश्य से इस तरह के शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
युवा उद्यमियों ने साझा किए अनुभव
शिविर में युवा उद्यमी संवाद भी आयोजित किया गया। इसमें युवा उद्यमी यशराज राठौर, रोहित मालपानी, अर्चित पोरवाल, शैलेंद्र टंडन, कुलदीप भाटी एवं शांतिलाल ने उद्योग एवं स्वरोजगार से जुड़े अपने अनुभव साझा किए।
युवा उद्यमियों ने बताया कि उद्योग विभाग के माध्यम से उद्योग स्थापित करने के लिए उपलब्ध ऋण एवं विभिन्न योजनाएं युवाओं के लिए उपयोगी साबित हो रही हैं। इन योजनाओं से युवाओं को व्यवसाय एवं उद्योग स्थापित करने में सहायता मिल रही है।
उन्होंने युवाओं से उद्योग एवं स्वरोजगार के क्षेत्र में आगे आने तथा शासन की योजनाओं का लाभ लेकर आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।
मंच से हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ
मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर के दौरान जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों द्वारा विभिन्न हितग्राहीमूलक योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को मंच से सीधे लाभ प्रदान किया गया। इस दौरान पीएम स्वनिधि योजना, विधवा पेंशन और दिव्यांग पेंशन सहित अन्य योजनाओं के हितग्राहियों को चेक एवं स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए।
शिविर में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी नागरिकों को दी गई। पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने की कार्रवाई की गई। जनसंवाद के दौरान नागरिकों द्वारा प्रस्तुत समस्याओं को संबंधित विभागों के अधिकारियों को सौंपते हुए उनके त्वरित निराकरण के निर्देश दिए गए।
मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर के माध्यम से प्रशासन और आमजन के बीच सीधा संवाद स्थापित करने के साथ ही नागरिकों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने और उनकी समस्याओं के निराकरण की दिशा में पहल की गई।
Author: MP Headlines






