जावरा से दिल्ली के लिए साइकिल पर निकले पांच कांग्रेस कार्यकर्ता, 650 किमी की यात्रा का लक्ष्य

एक व्यक्ति-एक पद’ और सक्रिय कार्यकर्ताओं को संगठन में जिम्मेदारी देने की मांग लेकर निकले, राहुल गांधी से मुलाकात का संकल्प

जावरा/रतलाम। कांग्रेस संगठन में सक्रिय जमीनी कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी देने और ‘एक व्यक्ति-एक पद’ व्यवस्था लागू करने की मांग को लेकर रतलाम जिले के पांच कांग्रेस कार्यकर्ता शनिवार को जावरा से साइकिल पर दिल्ली के लिए रवाना हुए। कार्यकर्ताओं का लक्ष्य करीब 650 किलोमीटर की दूरी तय कर दिल्ली पहुंचना और कांग्रेस नेता राहुल गांधी से मुलाकात कर अपनी मांग रखना है।

साइकिल यात्रा शुरू करने से पहले पांचों कार्यकर्ता जावरा बस स्टैंड परिसर स्थित पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की प्रतिमा स्थल पहुंचे। यहां प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद वे साइकिलों से दिल्ली के लिए रवाना हुए। यात्रा के दौरान उन्होंने कांग्रेस पार्टी, राहुल गांधी, सोनिया गांधी, ‘जय कांग्रेस’, ‘वंदे मातरम’ और ‘एक व्यक्ति-एक पद’ के नारे लगाए।

प्रतिदिन 70 से 80 किलोमीटर साइकिल चलाने का लक्ष्य

जानकारी के अनुसार यात्रा में शामिल कार्यकर्ता प्रतिदिन करीब 70 से 80 किलोमीटर साइकिल चलाने की योजना के साथ निकले हैं। रास्ते में विभिन्न स्थानों पर रुकते हुए लगभग 10 दिन में दिल्ली पहुंचने का लक्ष्य रखा गया है।

यात्रा में ग्राम पंचायत लसुड़ियाखेड़ी के सरपंच प्रतिनिधि एवं आलोट विधानसभा युवा कांग्रेस के पूर्व उपाध्यक्ष विजय बना, ग्राम जामथून के जितेंद्र डिंडोर और मुकेश गरवार, ग्राम डेलनपुर के गौरव पोरवाल तथा सुमित अटोरिया शामिल हैं।

सक्रिय कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी देने की मांग

विजय बना के अनुसार उनकी प्रमुख मांग है कि कांग्रेस संगठन में एक व्यक्ति को एक ही पद दिया जाए और संगठन के लिए जमीनी स्तर पर सक्रिय कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी में प्राथमिकता मिले। उनका कहना है कि कई सक्रिय कार्यकर्ताओं को संगठन में पर्याप्त जिम्मेदारी नहीं मिल पा रही है।

उन्होंने कहा कि उनकी यात्रा का उद्देश्य कांग्रेस संगठन को मजबूत करना और आगामी चुनावों में सक्रिय कार्यकर्ताओं को उचित अवसर दिलाने की मांग को पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व तक पहुंचाना है।

राहुल गांधी से मुलाकात तक वापस नहीं लौटने का दावा

यात्रा में शामिल कार्यकर्ताओं ने कहा है कि वे दिल्ली पहुंचकर राहुल गांधी से मुलाकात कर अपनी बात रखना चाहते हैं। विजय बना के अनुसार, यदि राहुल गांधी दिल्ली में उपलब्ध नहीं हुए तो भी वे उनसे मुलाकात किए बिना वापस नहीं लौटेंगे और उनके निवास के बाहर इंतजार करेंगे।

वहीं, जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष हर्षविजय गेहलोत ने कहा कि पार्टी सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चल रही है। उन्होंने बताया कि पार्टी हाईकमान की गाइडलाइन के अनुसार जिला कार्यकारिणी का गठन किया गया है और ग्रामीण जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों को प्रतिनिधित्व दिया गया है।

MP Headlines
Author: MP Headlines