मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम के नवीन सत्र का शुभारंभ

बीएसडब्ल्यू-एमएसडब्ल्यू विद्यार्थियों को समाजसेवा एवं रोजगार के अवसरों की दी जानकारी

सैलाना। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद विकासखंड सैलाना द्वारा मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम अंतर्गत बीएसडब्ल्यू एवं एमएसडब्ल्यू पाठ्यक्रम के नवीन शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ शासकीय महाविद्यालय सैलाना में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।

विकासखंड समन्वयक रतनलाल चरपोटा ने विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम के उद्देश्यों एवं सामाजिक क्षेत्र में इसकी उपयोगिता की जानकारी दी। मुख्य अतिथि भाजपा मंडल अध्यक्ष पंकज राठौर ने समाजसेवा के अपने अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों के बारे में बताया।

जिला योजना समिति सदस्य भूपेन्द्र जायसवाल ने शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में समाजकार्य की भूमिका पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में पूर्व विद्यार्थियों ने अपने अनुभव साझा किए। नवीन विद्यार्थियों को अध्ययन सामग्री वितरित की गई तथा डिजिटल माध्यम से अध्ययन की जानकारी दी गई। साथ ही विद्यार्थियों को स्वैच्छिकता एवं नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई।

कार्यक्रम का संचालन हरीश सिलावट ने किया। आभार पवन पारगी ने माना। इस अवसर पर पीरुलाल नीनामा, योगेश तंवर सहित बीएसडब्ल्यू एवं एमएसडब्ल्यू के विद्यार्थी उपस्थित रहे।

MP Headlines
Author: MP Headlines