दादा स्व. रामचंद्र राठौर से मिली समाज सेवा की प्रेरणा, परिवार की नई पीढ़ी भी निभा रही सामाजिक जिम्मेदारी
इंदौर। समाज सेवा जब केवल एक व्यक्ति तक सीमित न रहकर पीढ़ी-दर-पीढ़ी संस्कार के रूप में आगे बढ़ती है, तब वह परिवार पूरे समाज के लिए प्रेरणास्रोत बन जाता है। ऐसा ही एक उदाहरण राठौर समाज के वरिष्ठ समाजसेवी अशोक राठौर का परिवार है, जो लगातार चार पीढ़ियों से समाज सेवा की परंपरा को निभाता आ रहा है। समाज के प्रति उनके निरंतर योगदान, समर्पण और सेवाभाव को देखते हुए राठौर क्रांति ग्रुप द्वारा अशोक राठौर को कर्मवीर सम्मान से सम्मानित किया गया।

राठौर क्रांति ग्रुप के गोविंद राठौर, संचालक हरीश राठौर लड्डू बाबा ने बताया कि अशोक राठौर और उनके परिवार द्वारा लंबे समय से समाज हित में सक्रिय रहकर विभिन्न सामाजिक गतिविधियों में योगदान दिया जा रहा है। उनके परिवार में समाज सेवा की यह भावना पूर्वजों से मिली विरासत के रूप में लगातार आगे बढ़ रही है।अशोक राठौर को समाज बंधुओं की उपस्थिति में अखिल भारतीय राठौर क्षत्रिय महासभा के संरक्षक विनोद राठौर दादा, श्री सकल पंच राठौर समाज इंदौर के अध्यक्ष ललित राठौर, पंडित नरेन्द्र राठौर, अशोक राठौर मास्टर साहब एवं कमल काका ने शाल, श्रीफल, अभिनंदन पत्र एवं जीवन परिचय भेंट कर सम्मानित किया।
अखिल भारतीय राठौर क्षत्रिय महासभा संरक्षक विनोद राठौर दादा ने कहा कि समाज सेवा केवल पद या प्रतिष्ठा का विषय नहीं है, बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारी और समर्पण की भावना है। अशोक राठौर का परिवार चार पीढ़ियों से इसी परंपरा को निभाते हुए समाज के लिए प्रेरणा बना हुआ है। उनके द्वारा किए गए सामाजिक कार्यों और समाज के प्रति निरंतर सक्रियता को देखते हुए उन्हें कर्मवीर सम्मान प्रदान किया जाना गौरव की बात है।
इस अवसर पर शुभम राठौर, निलांशु राठौर,अर्चना राठौर, भावना गेहलोत, वैशाली राठौर बाबू, नितिन राठौर , ऊषा देवड़ा, हेमलता राठौर आदि समाज बंधु उपस्थित थे।
Author: MP Headlines
