18.98 लाख की सक्शन कम जेटिंग मशीन मामले में विधायक डोडियार ने मांगी उच्चस्तरीय जांच….

सैलाना नगर परिषद की खरीदी पर उठे सवाल

सैलाना। रतलाम जिले की सैलाना नगर परिषद द्वारा GeM पोर्टल के माध्यम से खरीदी गई ₹18.98 लाख की सक्शन कम जेटिंग मशीन अब बड़े भ्रष्टाचार के आरोपों के घेरे में है। मामले को गंभीर बताते हुए कमलेश्वर डोडियार ने सीधे मोर्चा खोल दिया है और प्रमुख सचिव नगरीय विकास एवं आवास विभाग भोपाल तथा कलेक्टर रतलाम को लिखित शिकायत भेजकर उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।

विधायक डोडियार ने अपने आवेदन में आरोप लगाया है कि नगर परिषद सैलाना ने GeM Bid No. GEM/2025/B/6317889 के तहत “Suction Cum Jetting Machine” की खरीदी की। इसमें M/s Hind Trading Co., इंदौर को एल-1 ठेकेदार घोषित कर 18 सितंबर 2025 को कार्यादेश जारी किया गया और ₹18,98,000 का भुगतान कर दिया गया। लेकिन खरीदी प्रक्रिया में नियमों को दरकिनार कर भारी अनियमितता की गई।

शिकायत में दावा किया गया है कि GeM के नियमों का खुला उल्लंघन करते हुए निविदा दस्तावेज में अतिरिक्त शर्तें और आइटम जोड़े गए। इतना ही नहीं, जिस मशीन की बाजार कीमत और GeM पर उपलब्ध दर कथित रूप से लगभग 5 लाख रुपये कम बताई जा रही है, उसी मशीन के नाम पर नगर परिषद ने करीब 19 लाख रुपये खर्च कर दिए। इससे सरकारी खजाने को सीधा नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया गया है।

मामले का सबसे चौंकाने वाला पहलू तकनीकी गड़बड़ी है। विधायक के अनुसार बिड दस्तावेज में स्पष्ट रूप से IS 13496, IS 8213 और IS 11387 मानकों वाली संयुक्त Suction Cum Jetting Machine खरीदी जाना दर्शाया गया था, जबकि मौके पर जो मशीन उपलब्ध कराई गई वह केवल एक सामान्य Vacuum Emptier (सक्शन मशीन) निकली। यानी दस्तावेज में एक मशीन और जमीन पर दूसरी मशीन होने का गंभीर आरोप सामने आया है।

विधायक ने कहा कि इस पूरे प्रकरण के 22 पृष्ठों के दस्तावेज मुख्य नगरपालिका अधिकारी द्वारा “सत्य प्रतिलिपि” प्रमाणित कर उपलब्ध कराए गए हैं, जिससे स्पष्ट है कि संबंधित अधिकारी की जानकारी और सहमति से यह भुगतान हुआ। उन्होंने मांग की है कि तत्काल वरिष्ठ अधिकारी से जांच कराई जाए, तकनीकी समिति से मशीन का वास्तविक मूल्यांकन कराया जाए, अधिक भुगतान की गई राशि की वसूली की जाए और जांच पूरी होने तक संबंधित मुख्य नगरपालिका अधिकारी को वित्तीय अधिकारों से पृथक किया जाए।

सैलाना में यह मामला अब राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में चर्चा का केंद्र बन गया है। यदि जांच में आरोप सही साबित हुए तो नगर परिषद में हुए अन्य कार्यों और खरीदी की फाइलें भी खुल सकती हैं, जिससे बड़ा भ्रष्टाचार उजागर होने की संभावना जताई जा रही है।

MP Headlines
Author: MP Headlines

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp