मूलभूत सुविधाओं को तरसे कीर्ति विहार के 70 परिवार, समस्याओं को लेकर परिषद अध्यक्ष को घेर कर सोपा ज्ञापन

स्थायी समाधान होने तक प्रतिदिन दो टैंकरों से पानी उपलब्ध होगा,चैतन्य शुक्ला

रतलाम /सैलाना। रतलाम जिले के सैलाना नगर  की कीर्ति विहार कॉलोनी के रहवासियों का वर्षों पुराना आक्रोश भरी गर्मी में सोमवार को उस समय सामने आया, जब करीब 70 परिवारों के महिला,पुरूष जन एकजुट होकर नगर परिषद पहुंचे और यहाँ परिषद अध्यक्ष चैतन्य शुक्ला को समस्याओं से जुड़ा ज्ञापन सौंपा। कॉलोनीवासियों ने पेयजल, बिजली, ड्रेनेज और स्ट्रीट लाइट जैसी मूलभूत सुविधाओं की बदहाल स्थिति पर नाराजगी जताते हुए शीघ्र समाधान की मांग की।

रहवासियों ने बताया कि वे पिछले लगभग 10 वर्षों से कॉलोनी में निवास कर रहे हैं। कॉलोनी निर्माण के दौरान पर्याप्त पेयजल व्यवस्था, शहरी बिजली लाइन, ड्रेनेज पाइपलाइन और स्ट्रीट लाइट लगाने के बड़े-बड़े वादे किए गए थे, लेकिन आज तक सुविधाएं अधूरी पड़ी हैं। इसके चलते लोगों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

कॉलोनीवासियों के अनुसार स्ट्रीट लाइट बंद रहने से क्षेत्र में रातभर अंधेरा पसरा रहता है। अंधेरे का फायदा उठाकर अब तक 8 से 10 चोरी की घटनाएं भी हो चुकी हैं, जिससे लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। वहीं कॉलोनी में ग्रामीण फीडर से बिजली सप्लाई होने के कारण बार-बार बिजली कटौती होती है, जिससे बच्चों की पढ़ाई और दैनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं।

ड्रेनेज व्यवस्था को लेकर भी रहवासियों ने गंभीर समस्या बताई। उनका कहना है कि पाइपलाइन जगह-जगह से टूट चुकी है और कई स्थानों पर चोक होने से गंदा पानी सड़कों और नालियों में भरा रहता है। कई बार यह पानी घरों तक पहुंच जाता है, जिससे बीमारी फैलने का खतरा बढ़ गया है। मच्छरों और गंदगी से रहवासी परेशान हैं।

सबसे बड़ी समस्या पेयजल की बताई गई। शहरी क्षेत्र में शामिल होने के बावजूद कॉलोनी में आज तक पानी की स्थायी व्यवस्था नहीं हो सकी है। लोगों को दूर-दूर से पानी लाकर दैनिक जरूरतें पूरी करनी पड़ रही हैं।

ज्ञापन मिलने के बाद परिषद अध्यक्ष चैतन्य शुक्ला ने कॉलोनीवासियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि ग्रामीण फीडर की बिजली लाइन को जल्द ही सैलाना शहरी लाइन से जोड़ने का कार्य निकाय निधि से कराया जाएगा। साथ ही स्थायी समाधान होने तक प्रतिदिन दो टैंकरों से पानी उपलब्ध कराया जाएगा। स्ट्रीट लाइट और ड्रेनेज समस्या के समाधान के लिए भी जल्द कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

MP Headlines
Author: MP Headlines

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp