सैलाना/सरवन। रतलाम-बांसवाड़ा रोड पर सरवन मार्ग स्थित माही ढाबे के पास बने खतरनाक मोड़ पर शनिवार रात एक भीषण सड़क हादसे में 35 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी और दो छोटे बच्चे घायल हो गए। हादसे के बाद सरवन सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। बताया जा रहा है कि जिस मोड़ पर यह हादसा हुआ, वहां पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं और स्थानीय लोग लंबे समय से सुरक्षा इंतजाम की मांग कर रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, सरवन निवासी गोपाल पिता रमेशचंद्र टांक (35) अपनी पत्नी ललिता टांक (33) तथा दो बच्चों कृष (7) और मोक्षित (4) के साथ कार क्रमांक MP43ZH2273 से रतलाम से सरवन लौट रहे थे। परिवार रतलाम में ससुराल पक्ष के एक मन्नत कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वापस जा रहा था। बताया गया कि गोपाल रतलाम से अपनी दुकान के लिए कॉस्मेटिक सामान भी लेकर निकले थे।
रात करीब 9:30 से 9:45 बजे के बीच पूजा कॉटन बनी और बॉयज स्कूल के बीच स्थित माही ढाबे के पास पुलिया वाले तीखे मोड़ पर कार अचानक अनियंत्रित हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन मोड़ लेने के बजाय सीधे पुलिया से नीचे नाले में जा गिरा। हादसा इतना भयावह था कि कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए और वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण, राहगीर और परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे। घायलों को तत्काल रतलाम मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया। गंभीर रूप से घायल गोपाल को बचाने के प्रयास किए गए, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले या उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

हादसे में पत्नी ललिता के चेहरे और सिर पर गंभीर चोटें आई हैं, साथ ही उनका एक हाथ फ्रैक्चर बताया गया है। दोनों बच्चों को मामूली चोटें आईं और वे खतरे से बाहर हैं। घटना की सूचना पर डायल 112 मौके पर पहुंची, लेकिन उससे पहले परिजन घायलों को अस्पताल लेकर रवाना हो चुके थे।
सरवन पुलिस के एसआई आलवे रतलाम अस्पताल पहुंचे और आवश्यक पंचनामा, पोस्टमार्टम सहित कागजी कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस हादसे ने एक बार फिर रतलाम-बांसवाड़ा रोड के खतरनाक मोड़ों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Author: MP Headlines












