पूर्व कर्मचारी ने साथियों के साथ मिलकर रची थी साजिश, आठवें आरोपी की तलाश जारी
रतलाम। जिले के बिलपांक थाना क्षेत्र में सराफा व्यापारी से हुई करीब 7.5 करोड़ रुपये के सोने-चांदी के जेवरों की लूट के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने अब तक सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से करीब 5.41 करोड़ रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवर बरामद किए गए हैं।
जानकारी के अनुसार सराफा व्यापारी अर्पित चौरड़िया 13 अगस्त को कारोबार के सिलसिले में बड़नगर गए थे। वहां से वे बस के जरिए रतलाम लौट रहे थे। महू-नीमच हाईवे पर बिलपांक थाना क्षेत्र के रेन-मऊ फंटे के पास बदमाशों ने बस रुकवाई और व्यापारी के पास रखा जेवरों से भरा बैग छीनकर फरार हो गए थे।
व्यापारी के अनुसार बैग में करीब 5 किलो सोने के जेवर और चांदी के आभूषण थे। वारदात के बाद पुलिस ने मामले की जांच के लिए कई टीमें गठित कीं और बड़नगर से लेकर रतलाम तक सीसीटीवी फुटेज खंगाले।
जांच में पुलिस को व्यापारी के पूर्व कर्मचारी रोहित नायक की भूमिका संदिग्ध मिली। पुलिस के अनुसार रोहित ने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात की साजिश रची थी। इसके बाद पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों से 4 किलो 167 ग्राम सोने के जेवर और 4 किलो से अधिक चांदी के जेवर बरामद किए गए हैं। मामले में एक आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश के लिए पुलिस टीम इंदौर सहित अन्य स्थानों पर भेजी गई है।
पुलिस की जांच जारी
करोड़ों रुपये की इस वारदात में पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि पूरी साजिश कैसे रची गई और लूटे गए शेष जेवर कहां हैं। मामले में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है। पुलिस की कार्रवाई से लूट की वारदात की कई अहम कड़ियां सामने आने की उम्मीद है।
Author: MP Headlines






