शिक्षा विभाग के स्कूलों की व्यवस्थाओं में सुधार लाएं, ट्राइबल स्कूलों की तरह बेहतर बनाएं : कलेक्टर अजय कटेसरिया
रतलाम, 21 अक्टूबर 2026। जिले में शिक्षा विभाग की योजनाओं के क्रियान्वयन और स्कूलों की व्यवस्थाओं को लेकर कलेक्टर अजय कटेसरिया ने समीक्षा बैठक में अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। पीएम श्री विद्यालय रिंगनोद में विद्यार्थियों को पुस्तकें और साइकिल समय पर वितरित नहीं किए जाने पर कलेक्टर ने विद्यालय के प्राचार्य तथा जावरा विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
- विद्यार्थियों को योजनाओं का लाभ समय पर देने के निर्देश
समीक्षा बैठक में कलेक्टर कटेसरिया ने स्पष्ट कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ विद्यार्थियों को निर्धारित समय पर मिलना चाहिए। इसके लिए अधिकारियों को विद्यालयों का नियमित निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की निगरानी सुनिश्चित करनी होगी।
बैठक के दौरान जावरा बीईओ ने बताया कि संबंधित विद्यालय का निरीक्षण किया गया था, लेकिन निरीक्षण के समय कमरा बंद मिला। इस पर कलेक्टर ने नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे नियमित रूप से विद्यालयों का निरीक्षण करें और मौके पर पहुंचकर वास्तविक स्थिति की जानकारी लें।
ट्राइबल स्कूलों जैसी व्यवस्थाएं विकसित करने पर जोर
कलेक्टर अजय कटेसरिया ने कहा कि शिक्षा विभाग के विद्यालयों की व्यवस्थाओं में और सुधार की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि ट्राइबल विभाग के विद्यालयों की स्थिति बेहतर है, इसलिए शिक्षा विभाग के विद्यालयों को भी उसी स्तर पर लाने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएं।
उन्होंने अधिकारियों को विद्यालयों में बुनियादी सुविधाओं, व्यवस्थाओं और शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जावरा और आलोट के बीआरसी को हटाने के निर्देश
बैठक में कार्यों में देरी और लापरवाही का मामला भी सामने आया। कलेक्टर ने समय पर कार्य नहीं करने पर जावरा एवं आलोट के ब्लॉक रिसोर्स कोऑर्डिनेटर (बीआरसी) को हटाने के निर्देश दिए। साथ ही जिला परियोजना समन्वयक (डीपीसी) को निर्देशित किया कि कार्य में लापरवाही बरतने वाले बीआरसी और बीईओ के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
इन योजनाओं की भी हुई समीक्षा
बैठक में साइकिल वितरण योजना, पुस्तक वितरण, मुख्यमंत्री स्कूटी योजना, लैपटॉप वितरण योजना, सीएम हेल्पलाइन और अपार आईडी निर्माण सहित शिक्षा विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।
कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरे करने तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।

बैठक में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री वैशाली जैन, जिला शिक्षा अधिकारी, डीपीसी, बीईओ एवं बीआरसी उपस्थित रहे।
MP Headlines | रतलाम




