Skip to main content

MP Headlines

मंदसौर क्राइम बुलेटिन: भानपुरा में पटाखे फोड़ने के विवाद में परिवार पर हमला, मजेसरी फंटा पर जुआ खेलते दो गिरफ्तार

क्राइम बुलेटिन | जिला मंदसौर (मध्य प्रदेश)

दिनांक: 09 नवंबर 2026

मंदसौर। जिला पुलिस कंट्रोल रूम द्वारा जारी पिछले 24 घंटे के अपराध प्रतिवेदन में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में मारपीट, जुआ खेलने और लापरवाहीपूर्वक वाहन खड़ा करने के मामले सामने आए हैं। पुलिस ने अलग-अलग घटनाओं में प्रकरण दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू की है।

 

1. भानपुरा: पटाखे फोड़ने की बात पर परिवार के तीन सदस्यों से मारपीट

भैसोदामण्डी स्थित सगस महाराज मंदिर के पास पटाखे फोड़ने की बात को लेकर विवाद हो गया। फरियादी चेतन कुमार पिता रघुनाथ मीणा (32), निवासी भैसोदामण्डी ने पुलिस को बताया कि आरोपी करण, अर्जुन और मयंक सोनी ने एकमत होकर उनके घर के बाहर गाली-गलौज करते हुए उनके साथ ही उनकी मां और पिता के साथ मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी।

पुलिस ने तीनों आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 296(बी), 115(2), 351(3), 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की है।

 

2. भावगढ़: मजेसरी फंटा पर जुआ खेलते दो गिरफ्तार, 520 रुपये जब्त

भावगढ़ थाना पुलिस ने ग्राम मजेसरी स्थित मजेसरी फंटा यात्री प्रतीक्षालय के पास दबिश देकर ताश के पत्तों से जुआ खेलते दो व्यक्तियों को पकड़ा।

पुलिस ने मौके से 52 ताश के पत्ते और 520 रुपये नकद जब्त किए। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजयसिंह पिता रघुवीरसिंह राजपूत (33), निवासी सेमलियाहिरा तथा मनीष पिता वर्दीचन्द्र पाटीदार (40), निवासी पटेला के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ जुआ एक्ट की धारा 13 के तहत कार्रवाई की गई।

 

3. दलौदा: चौपाटी पर सड़क के बीच वाहन खड़ा करने वाले अज्ञात चालक पर मामला दर्ज

दलौदा चौपाटी पर विकास मेडिकल के सामने लापरवाहीपूर्वक वाहन खड़ा करने का मामला सामने आया है। शिकायत के अनुसार वाहन क्रमांक MP 13 AG 3660 के चालक ने बिना संकेतक लगाए वाहन सड़क के बीच खड़ा कर दिया, जिससे दुर्घटना हुई।

फरियादी दिलीप पिता गोपाल परिहार (25), निवासी जावरा की रिपोर्ट पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 एवं 125(ए) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की है।

 

4. सुवासरा: मोटरसाइकिल चलाने की बात पर दो पक्षों में विवाद, क्रॉस केस दर्ज

ग्राम नाथुखेड़ी में मोटरसाइकिल चलाने की बात को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। पहले पक्ष के कमलसिंह पिता बहादुरसिंह राजपूत (43) की शिकायत पर करणसिंह और युवराजसिंह के खिलाफ गाली-गलौज एवं मारपीट का मामला दर्ज किया गया।

वहीं दूसरे पक्ष के सोहनसिंह पिता बहादुरसिंह देवड़ा (49) की शिकायत पर कमलसिंह राजपूत के खिलाफ भी मारपीट एवं गाली-गलौज का प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस ने दोनों पक्षों की रिपोर्ट पर क्रॉस केस दर्ज कर जांच शुरू की है।

 

5. शामगढ़: पुरानी रंजिश में युवक के साथ मारपीट, तीन लोगों पर केस

शामगढ़ के बागरी मोहल्ले में पुरानी रंजिश को लेकर मारपीट का मामला सामने आया है। फरियादी गोविंद पिता जुझार बागरी (26), निवासी बोलिया रोड गरोठ ने पुलिस को बताया कि मांगीलाल पिता भगवान बागरी, करन पिता राधेश्याम बागरी और राधेश्याम बागरी, निवासी आलमगढ़ ने रास्ते में रोककर गाली-गलौज की तथा लाठियों से मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी।

शामगढ़ पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया है।

MP Headlines
Author: MP Headlines