Skip to main content

MP Headlines

10 वर्षों से शोषण का आरोप, व्यावसायिक प्रशिक्षकों में आक्रोश; विधायक घनश्याम चंद्रवंशी को सौंपा ज्ञापन

शाजापुर। मध्यप्रदेश के शासकीय विद्यालयों में व्यावसायिक शिक्षा के अंतर्गत कार्यरत प्रशिक्षकों ने निजी कंपनियों के माध्यम से किए जा रहे कथित शोषण और श्रम नियमों के उल्लंघन को लेकर आवाज बुलंद की है। पिछले लगभग 10 वर्षों से सेवाएं दे रहे व्यावसायिक प्रशिक्षकों ने सेवा सुरक्षा, उचित वेतन और कर्मचारी सुविधाओं की मांग को लेकर कालापीपल विधायक श्री घनश्याम चंद्रवंशी को ज्ञापन सौंपा।

 

शाजापुर जिले के व्यावसायिक प्रशिक्षकों ने जिला अध्यक्ष शैलेन्द्र शर्मा के नेतृत्व में अपनी विभिन्न समस्याओं और मांगों को विधायक के समक्ष रखा। प्रशिक्षकों का आरोप है कि लंबे समय से विद्यालयों में सेवाएं देने के बावजूद उन्हें स्थायी सेवा सुरक्षा, उचित वेतन और अन्य जरूरी कर्मचारी सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं।

 

नियुक्ति प्रक्रिया और वेतन व्यवस्था पर उठाए सवाल

प्रशिक्षकों के अनुसार निजी कंपनियों द्वारा जारी नियुक्ति पत्र एवं ऑफर लेटर में ऐसी शर्तें रखी जाती हैं, जिनसे उनके सेवा संबंधी अधिकार प्रभावित होते हैं। उनका आरोप है कि कई बार वेतन कटौती, समय पर भुगतान नहीं होने और दस्तावेजों पर दबाव में हस्ताक्षर करवाने जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है।

 

प्रशिक्षकों का कहना है कि व्यावसायिक शिक्षा का उद्देश्य विद्यार्थियों को रोजगारोन्मुखी कौशल प्रदान कर आत्मनिर्भर बनाना है, लेकिन विद्यार्थियों का भविष्य संवारने वाले प्रशिक्षक खुद असुरक्षित रोजगार व्यवस्था में काम करने को मजबूर हैं।

 

ये हैं प्रमुख मांगें

1. निजी कंपनियों एवं बिचौलियों के नियंत्रण से व्यावसायिक शिक्षा व्यवस्था को मुक्त किया जाए।

2. व्यावसायिक प्रशिक्षकों के लिए स्पष्ट एवं स्थायी सेवा नीति बनाई जाए।

3. श्रम कानूनों का पालन सुनिश्चित करते हुए उचित वेतन एवं कर्मचारी सुविधाएं प्रदान की जाएं।

4. व्यावसायिक प्रशिक्षकों की सेवाओं का संचालन सीधे विभागीय निगरानी में किया जाए।

 

शासन से न्याय की मांग

प्रशिक्षकों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि उनकी समस्याओं का गंभीरता से संज्ञान लेकर उचित निराकरण किया जाए। उनका कहना है कि सेवा सुरक्षा और सम्मानजनक कार्य परिस्थितियां मिलने पर ही वे बिना भय और दबाव के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण व्यावसायिक शिक्षा प्रदान कर सकेंगे।

 

इस अवसर पर शाजापुर जिले के व्यावसायिक प्रशिक्षकों ने एकजुट होकर अपने अधिकारों, सम्मान और न्याय की लड़ाई को आगे बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया।

MP Headlines
Author: MP Headlines