रतलाम। राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों में निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप प्रगति नहीं करने वाले स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों पर कलेक्टर अजय कटेसरिया ने सख्ती दिखाई है। जिला स्वास्थ्य समिति की समीक्षा बैठक में न्यूनतम प्रगति पाए जाने पर वेतन कटौती के निर्देश दिए गए थे। इसके पालन में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. किरण वाडिवा ने संबंधित कर्मचारियों के वेतन काटने के आदेश जारी किए हैं।
सीएमएचओ के अनुसार, जिले की 25 एएनएम का सात-सात दिवस का वेतन काटा गया है। इनमें सरिता दास पटेल, हिना शर्मा, ममिता खराड़ी, पार्वती चारेल, प्रभावती भंवर, सुशीला उमावा, मंजू जाजोरिया, मीना राजावत, पिंकी धाकड़, मोहम्मदी सैयद, चंद्रभागा झरबड़े, निर्मला सोलंकी, पवित्रा निनामा, शकीला खान, सुशीला परमार, संगीता गामड़, संगीता वसुनिया, लैला अंजुम, मुस्कान मंसूरी, ज्योति सोलंकी, संगीता शर्मा, शोभा शर्मा, अनिता खरत, गीता मकवाना, सुनीता शक्तावत एवं भगवती पडियार शामिल हैं।
इसी तरह 7 कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर (सीएचओ) आरती परमार, विनीता भाबर, गुंजन सैनी, कृष्णा शर्मा, अक्षय चौधरी, अनीता प्रजापत एवं जितेंद्र सिंह का भी सात-सात दिवस का वेतन काटने के आदेश जारी किए गए हैं।
इसके अलावा एलएचवी अनीता धौलपुरिया एवं शांता परमार का सात-सात दिवस का वेतन काटा गया है। वहीं ब्लॉक कम्युनिटी मोबिलाइजर सुमन घावरी, चंद्रेश गुप्ता एवं रेखा गणावा का दो-दो दिवस का वेतन काटने के आदेश दिए गए हैं।
ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर भी कार्रवाई की जद में
ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर मोइनुद्दीन अंसारी, राजेश राव एवं धन सिंह रावत का भी दो-दो दिवस का वेतन काटने के आदेश जारी किए गए हैं।
कलेक्टर अजय कटेसरिया ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के लक्ष्यों की नियमित समीक्षा करने और मैदानी स्तर पर योजनाओं के क्रियान्वयन में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
अब स्वास्थ्य विभाग के मैदानी अमले पर प्रशासन की सख्ती का असर कितना दिखाई देगा, यह आगामी समीक्षा में सामने आएगा।




