मुख्य सामग्री पर जाएं

एमपी हेडलाइंस

खेल चेतना मेले की तैयारियों ने पकड़ी गति, 16 से 18 दिसंबर तक होगा खेल महाकुंभ

27वें खेल चेतना मेले को लेकर आयोजन समिति की बैठक संपन्न, शुभारंभ पर निकलेगी खेल जागृति रैली; बालिका क्रिकेट टेनिस बॉल से होगा

 

रतलाम, 24 नवंबर 2026। क्रीड़ा भारती एवं चेतन्य काश्यप फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाले 27वें खेल चेतना मेले की तैयारियों को लेकर आयोजन समिति की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। आगामी 16 से 18 दिसंबर तक आयोजित होने वाले इस तीन दिवसीय खेल महाकुंभ की व्यवस्थाओं, प्रतियोगिताओं और शुभारंभ कार्यक्रम को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

 

इस वर्ष खेल चेतना मेला फाउंडेशन अध्यक्ष एवं प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री चेतन्य काश्यप के नेतृत्व में आयोजित किया जाएगा। बैठक में आयोजन समिति, खेल सलाहकारों, संयोजकों, सहसंयोजकों एवं खेल प्रशिक्षकों ने भाग लिया।

 

बालिका क्रिकेट टेनिस बॉल से, सर्वाधिक सहभागिता वाले विद्यालय को मिलेगा पुरस्कार

इस वर्ष खेल चेतना मेले में बालिका क्रिकेट प्रतियोगिता टेनिस बॉल से आयोजित की जाएगी। इसके साथ ही जिस विद्यालय के सर्वाधिक खिलाड़ी विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में सहभागिता करेंगे, उस विद्यालय को विशेष पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।

 

कॉलेज ग्राउंड से निकलेगी खेल जागृति रैली

आयोजन समिति सचिव मुकेश जैन ने बताया कि खेल मेले की विभिन्न प्रतियोगिताएं नेहरू स्टेडियम, रेलवे मैदान, ऑफिसर्स क्लब सहित अन्य निर्धारित खेल मैदानों पर आयोजित होंगी। शुभारंभ अवसर पर कॉलेज ग्राउंड से खेल जागृति रैली निकाली जाएगी, जो शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए नेहरू स्टेडियम पहुंचेगी।

 

उन्होंने अभिभावकों, स्कूल संचालकों एवं प्राचार्यों से अपील की कि वे बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास को ध्यान में रखते हुए उन्हें अधिक से अधिक संख्या में खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए प्रेरित करें। बैठक में सभी खेल मैदानों पर समय से पूर्व आवश्यक तैयारियां पूर्ण करने पर विशेष जोर दिया गया।

 

ये रहे उपस्थित

बैठक में क्रीड़ा भारती जिलाध्यक्ष डॉ. गोपाल मजावदिया, सचिव अनुज शर्मा, प्रकाश व्यास, राकेश शर्मा, संजय वशिष्ठ, गुलाम मोहम्मद, जगदीश श्रीवास्तव, मनीष जोशी, रितेश वोहरा, उमंग पोरवाल, अमरीक राणा, भूषण व्यास, जितेंद्र धुलिया, दीपेन्द्र सिंह ठाकुर, प्रद्युम्न मजावदिया, पवन सिंदल सहित आयोजन समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

 

एमपी हेडलाइंस
Author: MP Headlines