मुख्य सामग्री पर जाएं

एमपी हेडलाइंस

रतलाम में 27 नवंबर को लगेगा युवा संगम रोजगार मेला, 10 निजी कंपनियां करेंगी भर्ती

8वीं पास से स्नातक, ITI और डिप्लोमा धारकों को मिलेगा रोजगार का अवसर; 18 से 35 वर्ष तक के युवा ले सकेंगे भाग

 

रतलाम। जिले के बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 27 नवंबर 2026 को रतलाम में युवा संगम जिला स्तरीय रोजगार, स्वरोजगार एवं प्रधानमंत्री नेशनल अप्रेंटिसशिप मेला आयोजित किया जाएगा। मेले में 8 से 10 निजी क्षेत्र की कंपनियां विभिन्न पदों पर सीधी भर्ती करेंगी।

 

जिला रोजगार अधिकारी अभिषेक कटारा ने बताया कि तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार विभाग, भोपाल तथा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय, भोपाल के तत्वावधान में यह मेला शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय के वाग्देवी सरस्वती भवन, कॉलेज रोड, रतलाम में आयोजित होगा।

 

इन पदों पर होगी भर्ती

मेले में मशीन ऑपरेटर, टेक्नीशियन, सेल्स एग्जीक्यूटिव, लाइन ऑपरेटर, सिक्योरिटी गार्ड, सुपरवाइजर, एडवाइजर और हेल्पर सहित विभिन्न पदों पर भर्ती की जाएगी। इसके अलावा अप्रेंटिसशिप, मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना के अंतर्गत भी अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।

 

इन कंपनियों में मिलेगा अवसर

मेले में प्रतिभा स्वराज लिमिटेड उज्जैन, कॉसमॉस मैनपावर गांधीनगर (गुजरात), नवशक्ति बायोकेयर साइंस प्रा. लि. इंदौर, माही ग्रुप ऑफ एजुकेशन बांसवाड़ा, न्यू जील फैशन वियर बदनावर (धार), एडेको इंडिया प्रा. लि. वडोदरा (गुजरात), टाइगर सिक्योरिटी, भारतीय जीवन बीमा निगम तथा एचडीएफसी लाइफ इंश्योरेंस रतलाम सहित अन्य कंपनियां भाग लेंगी।

 

कौन कर सकता है आवेदन?

रोजगार मेले में 8वीं उत्तीर्ण से लेकर स्नातक, आईटीआई एवं डिप्लोमा उत्तीर्ण युवा भाग ले सकते हैं। आवेदकों की आयु 18 से 35 वर्ष निर्धारित की गई है।

 

इन योजनाओं की भी मिलेगी जानकारी

युवाओं को प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना एवं मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना के संबंध में मार्गदर्शन भी दिया जाएगा।

 

कब और कहां पहुंचें युवा?

– दिनांक: 27 नवंबर 2026, शुक्रवार

– समय: सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक

– स्थान: वाग्देवी सरस्वती भवन, शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय, कॉलेज रोड, रतलाम।

 

ये दस्तावेज साथ लाना जरूरी

इच्छुक अभ्यर्थी अपने साथ 2 पासपोर्ट साइज फोटो, शैक्षणिक योग्यता के मूल प्रमाण पत्र, समग्र आईडी, आधार कार्ड की छायाप्रति एवं बायोडाटा लेकर उपस्थित हों।

 

जिला रोजगार कार्यालय ने जिले के अधिक से अधिक युवाओं से अपील की है कि वे इस रोजगार मेले में शामिल होकर उपलब्ध रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों का लाभ उठाएं।

 

 

एमपी हेडलाइंस
Author: MP Headlines