सैलाना में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सांदीपनि विद्यालय और कन्या शिक्षा परिसर का किया निरीक्षण
रतलाम/सैलाना, 26 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया ने शनिवार को सैलाना में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, जनजातीय कार्य विभाग के सांदीपनि विद्यालय तथा शासकीय कन्या शिक्षा परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन सहित संबंधित विभागों के जिला अधिकारी मौजूद रहे।

स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही पर जताई नाराजगी
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री कटेसरिया ने स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर असंतोष व्यक्त करते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) को तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए अधिकारी और कर्मचारी पूरी सक्रियता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यप्रणाली में अपेक्षित सुधार नहीं होने की स्थिति में राज्य शासन को प्रतिवेदन भेजकर कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने एंटी वेनम के स्टॉक, ओपीडी, वैक्सीन रूम, टीकाकरण सब सेंटर और एएनसी रजिस्ट्रेशन की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने आशा कार्यकर्ताओं की जवाबदेही तय करने तथा हाई रिस्क प्रेगनेंसी के मामलों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि गर्भवती महिलाओं का समय पर पंजीयन सुनिश्चित किया जाए तथा उन्हें आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं और उपचार उपलब्ध कराया जाए।

पुराने सांदीपनि विद्यालय भवन का उपयोग करने के निर्देश
सांदीपनि विद्यालय के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने नवीन सांदीपनि विद्यालय में शिफ्टिंग के बाद पुराने विद्यालय भवन का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि ऐसे चार-पांच विद्यालय, जिनके पास स्वयं के भवन उपलब्ध नहीं हैं, उन्हें पुराने सांदीपनि विद्यालय भवन में शिफ्ट किया जाए। इससे वहां नियमित रूप से कक्षाओं का संचालन हो सकेगा और विद्यार्थियों को सुचारु शैक्षणिक सुविधा उपलब्ध कराई जा सकेगी।
कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं में सुधार और विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
Author: MP Headlines

