कलेक्टर कटेसरिया ने मौके पर सुनी नागरिकों की समस्याएं, अधिकारियों को दिए निराकरण के निर्देश
रतलाम/सैलाना, 26 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत शनिवार को मंडी प्रांगण सैलाना में जनसंवाद, जनसुनवाई एवं उद्यमी संवाद आयोजित किया गया। कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया, जिला अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने आम नागरिकों की समस्याएं मौके पर सुनीं और उनके निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

जनसुनवाई के दौरान नागरिकों ने ड्रोन सर्वे के बाद नामांतरण नहीं होने, पांच वर्ष बीतने के बावजूद अनुकंपा नियुक्ति नहीं मिलने, आधार कार्ड में त्रुटि सुधार, मकान का पट्टा, नल-जल योजना, प्रधानमंत्री आवास सहित विभिन्न समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं।
पेयजल संरक्षण के लिए कम पानी वाली फसलें अपनाने की अपील
शिविर में कलेक्टर श्री कटेसरिया ने नागरिकों से पेयजल संरक्षण में सामुदायिक सहभागिता की अपील की। उन्होंने कहा कि पेयजल संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रशासन का प्रयास है कि रतलाम शहर, सैलाना नगर परिषद सहित जिले के प्रत्येक गांव में पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित हो।
उन्होंने विशेष रूप से तालाबों के किनारे स्थित गांवों एवं खेतों में किसानों से ऐसी फसलों को प्राथमिकता देने की अपील की, जिनमें कम पानी की आवश्यकता होती है। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास भविष्य में सभी के लिए लाभकारी होंगे।
कलेक्टर ने कहा कि जल ही जीवन है और पेयजल की उपलब्धता प्रशासन की पहली प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि पेयजल की उपलब्धता एवं संरक्षण के लिए प्रशासन पूरी गंभीरता से कार्य करेगा, लेकिन इसमें आम नागरिकों की सहभागिता भी जरूरी है।

सैलाना में सोनोग्राफी और ईसीजी सुविधा शुरू करने के निर्देश
कलेक्टर ने सैलाना में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए सोनोग्राफी मशीन की व्यवस्था करने तथा रेडियोलॉजिस्ट को पार्ट टाइम रखने के निर्देश स्वास्थ्य विभाग को दिए। इसके साथ ही ईसीजी मशीन को भी प्रारंभ करने के निर्देश दिए।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि सांप अथवा बिच्छू के काटने की स्थिति में झाड़-फूंक के बजाय तत्काल अस्पताल पहुंचकर उपचार करवाएं। एंटीवेनम उपलब्ध होने पर चिकित्सकीय सलाह के अनुसार उपचार लेने की बात कही। कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग से एंटीवेनम के उपलब्ध स्टॉक की रिपोर्ट भी प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
सैलाना-बाजना क्षेत्र में प्राथमिकता से राशन वितरण के निर्देश
कलेक्टर ने जिला आपूर्ति अधिकारी को सैलाना एवं बाजना क्षेत्र में राशन वितरण का कार्य प्राथमिकता से शुरू करने और वितरण की गति तेज रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों को समय पर खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाए।
इस दौरान कलेक्टर ने आम नागरिकों के समक्ष जिला आपूर्ति अधिकारी से राशन वितरण समय पर सुनिश्चित करने का आश्वासन भी लिया।
युवा उद्यमियों ने साझा किए अनुभव
शिविर में आयोजित उद्यमी संवाद के दौरान युवा उद्यमी श्री सौभालाल पाटीदार एवं श्री मदन पाटीदार ने अपने व्यवसाय एवं कार्यों की जानकारी साझा की। उन्होंने नागरिकों को स्वरोजगार और उद्यमिता के लिए प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार, जिला पंचायत सीईओ सुश्री वैशाली जैन, स्थानीय जनप्रतिनिधि, एसडीएम श्री जायसवाल, विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी तथा बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।
Author: MP Headlines

