सैलाना। रतलाम जिले के सैलाना नगर में आस्था केंद्र माँकालिका माता मंदिर में हुई चोरी और चोरी के प्रयास की सनसनीखेज वारदात का सैलाना पुलिस ने बेहद सक्रियता और तत्परता से खुलासा कर दिया। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 25 हजार रुपए का चोरी गया सामान बरामद किया है। तेज कार्रवाई और तकनीकी जांच के चलते पुलिस ने महज कुछ घंटों में आरोपियों तक पहुंचकर बड़ी सफलता हासिल की।
जानकारी के अनुसार शनिवार-रविवार की दरमियानी रात बदमाश मंदिर परिसर के साइड में लगे लोहे की जाली वाले गेट को मोड़कर अंदर घुसे थे। इसके बाद उन्होंने मंदिर में रखा एम्प्लीफायर चोरी कर लिया तथा मंदिर के भीतर लगी रेलिंग तोड़कर दानपात्र ले जाने का प्रयास किया। हालांकि संभावित पुलिस गश्त को देखकर बदमाश दानपात्र वहीं छोड़कर फरार हो गए थे।

घटना के बाद नगर में भारी रोष का माहौल बन गया था। मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में तीन संदिग्ध युवक दिखाई दिए थे, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की। सैलाना थाना प्रभारी पिंकी आकाश के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने लगातार कार्रवाई करते हुए नगर और आसपास के क्षेत्रों में लगे करीब 150 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। संदिग्धों की गतिविधियों और हुलिए के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही।
पुलिस ने देर रात दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें दोनों ने वारदात कबूल कर ली। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिनेश पिता धन्नालाल मईडा निवासी मकोडिया रुड़ी थाना सरवन तथा विजय पिता बसा मईडा निवासी कुटुंबी राजस्थान हाल मुकाम नौलखा सैलाना के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपियों ने यह भी स्वीकार किया कि दो दिन पहले मंदिर परिसर से चोरी हुआ टिल्लू मोटर पंप भी उन्होंने ही चुराया था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गया सामान बरामद कर लिया है।
पूरे मामले में सैलाना पुलिस की त्वरित कार्रवाई और सतर्कता की नगरवासियों ने सराहना की है। थाना प्रभारी पिंकी आकाश के नेतृत्व में एसआई शंकर सिंह शक्तावत, एएसआई सीताराम तेनीवार, आरक्षक फकीर चंद्र सोलंकी, तूफान भूरिया सहित पुलिस टीम ने लगातार मेहनत कर मामले का खुलासा किया।
धार्मिक स्थल पर हुई इस वारदात का शीघ्र खुलासा होने से श्रद्धालुओं और नगरवासियों ने राहत की सांस ली है। पुलिस अब आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।
Author: MP Headlines












