सैलाना अंचल में तेंदुए की दस्तक से दहशत, वन विभाग अलर्ट
सैलाना। रतलाम जिले के सैलाना अंचल में मंगलवार को तेंदुए की मौजूदगी की सूचना से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया। ग्राम करिया स्थित पहाड़ी बंगला के जंगल क्षेत्र में कुछ ग्रामीणों द्वारा तेंदुआ देखे जाने का दावा किए जाने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जंगल क्षेत्र में सघन सर्च अभियान शुरू कर दिया। हालांकि अभी तक वन विभाग को ग्रामीणों ने बताए वीडियो के अलावा तेंदुए की मौजूदगी के कोई ठोस साक्ष्य नहीं मिले हैं।
ग्राम करिया के समीप पहाड़ी बंगला के जंगल क्षेत्र में ग्रामीणों ने एक हिंसक वन्यजीव को देखा, जिसे उन्होंने तेंदुआ बताया। खबर गांव में फैलते ही लोगों में भय का माहौल बन गया और इसकी सूचना तत्काल वन विभाग को दी गई। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम सक्रिय हुई और प्रभावित क्षेत्र में पहुंचकर खोजबीन शुरू की। वनकर्मी तेंदुए के पगमार्क (पैरों के निशान) तथा अन्य संभावित साक्ष्यों की तलाश में जुटे हैं, ताकि वन्यजीव की वास्तविक मौजूदगी और उसकी लोकेशन का पता लगाया जा सके। विभाग द्वारा आसपास के जंगल क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जा रही है।

इधर सैलाना वनपरिक्षेत्र अधिकारी राधेश्याम जोशी स्टाफ के साथ पहाड़ी बंगला क्षेत्र पहुंचे। ग्रामीणों द्वारा उपलब्ध कराए गए वीडियो के आधार पर जंगल के खोरों में हिंसक वन्य प्राणी तेंदुए की मौजूदगी की संभावना व्यक्त की गई है। वन विभाग ने ग्रामीणों की बैठक लेकर आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी। ग्रामीणों को अनावश्यक रूप से रात्रि में बाहर नहीं निकलने, मवेशियों को खुले में नहीं बांधने तथा महिलाओं, बच्चों और वृद्धजनों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई। साथ ही किसी भी आपात स्थिति में तुरंत वन विभाग को सूचना देने का आग्रह किया गया। विभाग द्वारा वाहन के माध्यम से माइक से भी जागरूकता संदेश प्रसारित किए गए।
वनपरिक्षेत्र अधिकारी राधेश्याम जोशी ने बताया कि चार-पांच दिन पूर्व क्षेत्र में पांच बकरा-बकरियों को किसी जंगली जानवर ने निशाना बनाया था। ग्रामीणों द्वारा प्रस्तुत वीडियो में तेंदुआ दिखाई दे रहा है। वन विभाग द्वारा ग्रामीणों की सुरक्षा तथा जान-माल की रक्षा के लिए आवश्यक प्रबंध किए जा रहे हैं। उन्होंने ग्रामीणों से सतर्क एवं सजग रहने की अपील की है।
गांव के निवासी ईश्वर पिता देवीलाल खराड़ी (20) ने पांच दिन पूर्व अपने खेत पर जाते समय पहाड़ी क्षेत्र में एक तेंदुए को घूमते हुए देखा। उन्होंने तत्काल अपने मोबाइल से उसका वीडियो बना लिया और इसकी जानकारी वन विभाग को देते हुए वीडियो भी सौंप दिया। गांव के नारायण खराड़ी, फणेश्वर खराड़ी, सुखराम खराड़ी, मानसिंह खराड़ी, दिनेश भगोरा, आसाराम भगोरा एवं जितेंद्र निनामा ने भी तेंदुए को देखने और उसके क्षेत्र में होने की पुष्टि की है।
Author: MP Headlines













