भोपाल। कर्नल सोफिया कुरैशी को लेकर मंत्री विजय शाह के बयान से उपजे विवाद के बीच कांग्रेस विधायक प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को राज्यपाल महोदय से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने मामले में अभियोजन के प्रस्ताव पर पुनर्विचार करने और मंत्री के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की।
इस दौरान विधायक आरिफ मसूद एवं सुरेश राजे भी मौजूद रहे। कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि कर्नल सोफिया कुरैशी भारतीय सेना से जुड़ी अधिकारी हैं और उनके सम्मान से संबंधित विषय को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ देखा जाना चाहिए।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि सेना देश के गौरव और सम्मान का प्रतीक है। ऐसे में सेना से जुड़े किसी भी अधिकारी को लेकर सार्वजनिक रूप से की गई टिप्पणी के मामले में संवेदनशीलता और जिम्मेदारी जरूरी है।
प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल से पूरे मामले पर पुनर्विचार करते हुए नियमानुसार उचित कार्रवाई की मांग की। कांग्रेस ने कहा कि देश, सेना और महिला सम्मान से जुड़े विषयों को राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप से ऊपर रखते हुए गंभीरता से लिया जाना चाहिए।
एमपी हेडलाइंस | भोपाल
Author: MP Headlines




