गोमाता का पूजन कर मनाया बलराम दिवस, सैलाना गोशाला में हुआ विशेष आयोजन

संत श्री प्रेम संधू जी महाराज के सानिध्य में हुआ गोसेवा कार्यक्रम, गोमाता को खिलाई हरी घास व पशु आहार

सैलाना। बलराम दिवस के अवसर पर बुधवार को सैलाना गोशाला में विशेष गोसेवा एवं पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में गोमाता का विधि-विधान से पूजन कर उन्हें हरी घास एवं पशु आहार खिलाया गया।

कार्यक्रम का आयोजन गोवर्धन परिक्रमा स्थित आश्रम, मथुरा-वृंदावन के संत श्री प्रेम संधू जी महाराज के सानिध्य में हुआ। इस दौरान गोसेवा और गोसंरक्षण के महत्व पर भी चर्चा की गई।

कार्यक्रम में व्यापारी एसोसिएशन अध्यक्ष इंद्रेश चंडालिया, गोसेवक एवं सामाजिक कार्यकर्ता जितेंद्र सिंह राठौर, नगर परिषद एल्डरमैन नाथूलाल राठौर, दिलीप कुमावत, कारूलाल ग्वाले सहित बड़ी संख्या में गोसेवक एवं नागरिक उपस्थित रहे।

शासन के निर्देश पर गोशालाओं में आयोजन

गोशाला प्रबंधक प्रदीप त्रिवेदी ने बताया कि मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार प्रदेश की गोशालाओं में बलराम दिवस के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इसी क्रम में सैलाना गोशाला में भी गोमाता पूजन एवं सेवा का आयोजन किया गया।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में पधारे संत श्री प्रेम संधू जी महाराज के सानिध्य में इस वर्ष इस्कॉन मंदिर रतलाम में जन्माष्टमी महोत्सव भी आयोजित किया जाएगा।

MP Headlines
Author: MP Headlines