नाले में मिला युवक का शव, दोनों पैर रस्सी से बंधे; घर में मिले खून के निशान

रतलाम के बोरदा गांव में सनसनीखेज वारदात, घर से खून लगी कुल्हाड़ी भी मिली; पत्नी के लापता होने से बढ़ा संदेह

रतलाम। सरवन थाना क्षेत्र के ग्राम बोरदा में बुधवार को एक युवक का शव नाले के पास मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक के दोनों पैर रस्सी से बंधे हुए थे और सिर, गाल व गर्दन पर चोट के निशान मिले हैं। पुलिस ने प्रारंभिक जांच में हत्या की आशंका जताते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान भीमा पिता मनोहर चरपोटा निवासी बोरदा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह मंगलवार दोपहर से लापता था। परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चला। बुधवार को गांव के पास नाले में उसका शव मिलने की सूचना पर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे।

घर में मिले खून के निशान

पुलिस ने जब मृतक के घर की जांच की तो वहां अलग-अलग स्थानों पर खून के निशान मिले। पलंग पर भी खून के दाग पाए गए। जमीन पर मौजूद खून के निशान मिटाने का प्रयास किए जाने की बात भी सामने आई है। घर के पास पुलिस को एक कुल्हाड़ी मिली, जिस पर खून लगा हुआ था। पुलिस ने उसे जांच के लिए जब्त किया है।

पत्नी के लापता होने से जांच का दायरा बढ़ा

मृतक की पत्नी ललिता भी घटना के बाद से लापता बताई जा रही है। परिजनों के अनुसार मंगलवार को उसने बताया था कि भीमा दानपुर गया है और वापस नहीं लौटा। बुधवार को शव मिलने के बाद उसकी तलाश की गई, लेकिन वह मौके से चली गई। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। हालांकि, पत्नी की भूमिका को लेकर पुलिस जांच जारी है और अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगा।

एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य

घटना की सूचना मिलते ही सरवन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एएसपी राकेश पंद्रों, एफएसएल अधिकारी डॉ. अतुल मित्तल सहित पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल और मृतक के घर का निरीक्षण किया। टीम ने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए।

शव को पोस्टमार्टम के लिए रतलाम मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत के कारण तथा घटना की पूरी परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।

पुलिस ने हत्या का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और मृतक की पत्नी सहित अन्य संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है।

MP Headlines
Author: MP Headlines