सैलाना/रावटी। बुधवार को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी रावटी द्वारा आगामी 29 जून को रतलाम कलेक्टर कार्यालय पर खाद-बीज के बढ़ते दाम, खाद वितरण में ई-केवाईसी (e-KYC) के कारण किसानों को आ रही समस्याओं तथा अन्य किसान हितों के मुद्दों को लेकर प्रस्तावित ज्ञापन एवं घेराव कार्यक्रम की तैयारियों एवं रूपरेखा को अंतिम रूप देने के उद्देश्य से कृषि मंडी, रावटी में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिला कांग्रेस कमेटी रतलाम (ग्रामीण) अध्यक्ष श्री हर्षविजय गेहलोत ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश का किसान आज खाद-बीज की बढ़ती कीमतों, खाद वितरण में ई-केवाईसी की जटिल प्रक्रिया, सिंचाई, बिजली एवं अन्य समस्याओं से जूझ रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसानों के अधिकारों की लड़ाई सड़क से लेकर प्रशासन तक पूरी मजबूती के साथ लड़ेगी। साथ ही सभी कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक किसानों को कार्यक्रम से जोड़कर 29 जून को रतलाम कलेक्टर कार्यालय पर आयोजित ज्ञापन एवं घेराव को ऐतिहासिक एवं सफल बनाने का आह्वान किया।
बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा, व्यापक जनसंपर्क अभियान, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों के निर्धारण तथा अधिकतम किसान सहभागिता सुनिश्चित करने पर विस्तार से चर्चा की गई। उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम को सफल बनाने का संकल्प लिया।
बैठक में वरिष्ठ कांग्रेस नेता सर्वश्री रायसिंह भूरिया, शिवनाथ सिंह राजावत, मोहन डामर, सालिया देवड़ा, सुल्तान डामर, हीरालाल देवड़ा, प्रेमजी गरवाल , काना जी मोलावा, हीरालाल बोरिया, युवा नेता हनी गेहलोत, चुन्नीलाल मुनिया, सुनील पोरवाल, दिनेश भूरिया, प्रकाश डामर, मोहन गेहलोत, महेश पोरवाल, नारायण वडखिया एवं विश्राम वसुनिया सहित ब्लॉक कांग्रेस, मंडलम कांग्रेस, युवा कांग्रेस एवं एनएसयूआई के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष श्री नरेंद्र गरवाल ने सभी अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।
Author: MP Headlines












