एफआईआर से नहीं डरेंगे, पंचायत चुनाव में इतिहास रचेंगे : विधायक कमलेश्वर डोडियार

सैलाना। रतलाम में बुधवार को भारत आदिवासी पार्टी (बाप) द्वारा आयोजित प्रदर्शन के बाद विधायक कमलेश्वर डोडियार एवं उनके साथियों के विरुद्ध दर्ज की गई एफआईआर को लेकर राजनीतिक माहौल गर्मा गया है। मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए विधायक डोडियार ने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

उन्होंने कहा कि भारत आदिवासी पार्टी की बढ़ती लोकप्रियता और आगामी चुनावी रणनीति से घबराकर भाजपा उन्हें राजनीतिक रूप से कमजोर करने का प्रयास कर रही है, लेकिन उनकी पार्टी किसी भी दबाव में आने वाली नहीं है।

डोडियार ने कहा कि भारत आदिवासी पार्टी आगामी पंचायती राज चुनाव पूरी मजबूती और संगठनात्मक ताकत के साथ लड़ेगी। उन्होंने दावा किया कि पार्टी जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज करने के साथ ही सैलाना, बाजना, रतलाम ग्रामीण एवं पिपलोदा जनपदों में जनपद अध्यक्ष पदों पर भी अपना परचम लहराएगी। इसके अलावा अधिक से अधिक सरपंच पदों पर विजय हासिल कर क्षेत्र की राजनीति में नया इतिहास रचा जाएगा।

उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी शुरू से ही आदिवासियों, किसानों, मजदूरों और आम जनता के अधिकारों की लड़ाई लड़ती आई है और आगे भी यह संघर्ष जारी रहेगा। जनता के मुद्दों को लेकर पार्टी सड़क से लेकर सदन और आवश्यकता पड़ने पर अदालत तक अपनी आवाज बुलंद करती रहेगी। विधायक डोडियार ने दर्ज एफआईआर को पूरी तरह झूठा और राजनीतिक द्वेष से प्रेरित बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के दबाव में पुलिस और प्रशासन ने यह कार्रवाई की है। उनका कहना था कि लोकतांत्रिक तरीके से जनता की समस्याओं को उठाने पर इस प्रकार की कार्रवाई करना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी कानूनी लड़ाई लड़ेगी और न्यायालय के माध्यम से एफआईआर को निरस्त कराने का प्रयास करेगी।

डोडियार ने कहा कि इस प्रकार की कार्रवाई से भारत आदिवासी पार्टी के कार्यकर्ता और किसान साथी डरने वाले नहीं हैं। इसके विपरीत, इससे उनका मनोबल और अधिक मजबूत होगा तथा वे जनता के हितों के लिए पहले से अधिक मजबूती के साथ संघर्ष करेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठित रहकर आगामी चुनावों की तैयारी में जुटने का आह्वान करते हुए कहा कि जनता का समर्थन उनके साथ है और उसी के बल पर पार्टी नई राजनीतिक दिशा तय करेगी।

MP Headlines
Author: MP Headlines

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp