बांसवाड़ा में विस्फोटक गोदाम पर उठे सवाल, सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडियार ने कलेक्टर से की उच्चस्तरीय जांच और कार्रवाई की मांग

सैलाना/बांसवाड़ा। सैलाना विधानसभा के भारत आदिवासी पार्टी (बाप) विधायक कमलेश्वर डोडियार ने राजस्थान के बांसवाड़ा जिला कलेक्टर को पत्र लिखकर ग्राम पंचायत नवाखेड़ा के ग्राम रनीवनी में संचालित बारूद (विस्फोटक) गोदाम की वैधानिकता, सुरक्षा मानकों एवं आवश्यक अनुमतियों की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है।

“आदिवासी बहुल बांसवाड़ा जिले में विस्फोटक सामग्री का भंडारण और विक्रय जनसुरक्षा की दृष्टि से अत्यंत गंभीर विषय है, इसलिए इसकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।”


9 जुलाई 2026 को भेजे गए पत्र में विधायक डोडियार ने उल्लेख किया है कि ग्रामीणों द्वारा लंबे समय से गोदाम के निर्माण एवं संचालन को लेकर गंभीर आपत्तियां जताई जा रही हैं। आरोप है कि वर्ष 2016-17 में स्थापित इस गोदाम के लिए आवश्यक वैधानिक प्रक्रियाओं, एनओसी, पर्यावरणीय स्वीकृतियों एवं अन्य अनुमति संबंधी नियमों का समुचित पालन नहीं किया गया।

विधायक ने कहा कि गोदाम के आसपास कृषि भूमि, आवासीय क्षेत्र और ग्रामीण आबादी स्थित है, जिससे हजारों लोगों के जीवन, स्वास्थ्य एवं संपत्ति पर संभावित खतरा बना हुआ है। उन्होंने देश के विभिन्न राज्यों में बारूद गोदामों में हुई दुर्घटनाओं का उल्लेख करते हुए प्रशासन से इस मामले को गंभीरता से लेने का आग्रह किया।

पत्र में विधायक ने जिला प्रशासन से छह प्रमुख मांगें रखीं, जिनमें जिला स्तरीय या उच्चस्तरीय तकनीकी समिति से जांच, सभी लाइसेंस एवं एनओसी की जांच, सुरक्षा दूरी (सेफ्टी डिस्टेंस) और सुरक्षा मानकों का परीक्षण, अनियमितता मिलने पर संबंधित अधिकारियों एवं जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई, जांच पूरी होने तक आवश्यक होने पर गोदाम के संचालन पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई तथा जांच रिपोर्ट जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराने की मांग शामिल है।

विधायक कमलेश्वर डोडियार ने कहा कि यह मामला सीधे आम नागरिकों की सुरक्षा से जुड़ा हुआ है। इसलिए प्रशासन को तत्काल प्रभाव से निष्पक्ष जांच कर जनहित एवं जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आवश्यक कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए।

MP Headlines
Author: MP Headlines

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp