मिट्टी की बड़ी प्रतिमा बनाने वाले कलाकारों को मिलेगा जिला प्रशासन का सम्मान

गणेश चतुर्थी और नवरात्रि को लेकर मूर्तिकारों की बैठक, POP पर रोक और पर्यावरण हितैषी प्रतिमाओं के निर्माण पर जोर

रतलाम, 2 सितंबर 2026। आगामी गणेश चतुर्थी एवं नवरात्रि पर्व को देखते हुए रतलाम जिला प्रशासन ने पर्यावरण संरक्षण को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। अपर कलेक्टर श्री बृजेंद्र रावत की अध्यक्षता में जिले के मिट्टी की मूर्ति निर्माणकर्ताओं के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में पर्यावरण हितैषी मूर्तियों के निर्माण एवं उपयोग को बढ़ावा देने सहित मूर्ति विसर्जन की व्यवस्थाओं पर चर्चा हुई।

अपर कलेक्टर श्री रावत ने स्पष्ट निर्देश दिए कि मूर्ति निर्माण में पीओपी (प्लास्टर ऑफ पेरिस) अथवा किसी भी प्रकार की रासायनिक सामग्री का उपयोग नहीं किया जाए। अधिक से अधिक मिट्टी की प्रतिमाओं का निर्माण किया जाए, ताकि विसर्जन के बाद पर्यावरण पर प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।

बड़ी मिट्टी की प्रतिमा बनाने वाले कलाकार होंगे सम्मानित

बैठक में अपर कलेक्टर ने महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि जिले में जो कलाकार बड़ी से बड़ी प्रतिमा पूरी तरह मिट्टी से तैयार करेंगे, उन्हें जिला प्रशासन द्वारा सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने मूर्तिकारों से ऐसी प्रतिमाएं बनाने की अपील की, जिनमें POP या अन्य सामग्री की आवश्यकता न पड़े।

उन्होंने कहा कि बड़ी प्रतिमाओं के निर्माण में अन्य सामग्री के उपयोग की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए प्रतिमाओं का आकार निर्धारित सीमा के अनुरूप रखा जाए।

अनुमति में प्रतिमा का आकार स्पष्ट करना होगा

अपर कलेक्टर श्री रावत ने निर्देश दिए कि मूर्ति निर्माण की अनुमति देते समय संबंधित एसडीएम प्रतिमा के आकार का विशेष रूप से ध्यान रखें। अनुमति पत्र में प्रतिमा की निर्धारित साइज का स्पष्ट उल्लेख किया जाएगा।

इसके साथ ही जिले में मिट्टी की मूर्तियों के निर्माण एवं उपयोग को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। अभियान में समाजसेवियों, जागरूक नागरिकों और विभिन्न सामाजिक संगठनों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।

एक स्थान पर विसर्जन का सुझाव

बैठक में मूर्तिकारों ने मूर्ति विसर्जन के लिए एक ही स्थान निर्धारित किए जाने सहित कई महत्वपूर्ण सुझाव प्रशासन के समक्ष रखे। प्रशासन ने पर्यावरण संरक्षण और व्यवस्थित मूर्ति विसर्जन को लेकर प्राप्त सुझावों पर आवश्यक कार्रवाई करने की बात कही।

बैठक में पर्यावरणविद् डॉ. खुशाल सिंह पुरोहित, श्री गोविंद काकाती, जन अभियान परिषद के श्री रत्नेश विजयवर्गी सहित जिले के अनेक मूर्तिकार उपस्थित रहे।

MP Headlines
Author: MP Headlines