सैलाना में फूटा कांग्रेस का आक्रोश: मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के विरोध में सदर बाजार में पुतला दहन

सैलाना। प्रदेश के नगरी प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय द्वारा विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार को लेकर की गई कथित आपत्तिजनक एवं अमर्यादित टिप्पणी के विरोध में सैलाना नगर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का जबरदस्त आक्रोश देखने को मिला।

शनिवार को जिला कांग्रेस अध्यक्ष व सैलाना विधानसभा के पूर्व विधायक हर्ष विजय गेहलोत के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता नगर के सदर बाजार में एकत्रित हुए। कार्यकर्ताओं ने मंत्री के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया। प्रारंभ में यह पुतला दहन कार्यक्रम गणेश मंदिर स्थित क्षेत्र में आयोजित किया जाना था, लेकिन वहां आवागमन बाधित होने की स्थिति को देखते हुए तत्काल निर्णय लेते हुए स्थल को बदलकर सदर बाजार के चांदनी चौक क्षेत्र में पुतला दहन किया गया।

जैसे ही पुतले को अग्नि के हवाले किया गया, मौके पर पुलिस प्रशासन पहुंच गया और दहन को रोकने का प्रयास किया। हालांकि तब तक पुतला पूरी तरह जल चुका था। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी झड़पकी स्थिति भी बनी।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष हर्ष विजय गेहलोत ने अपने वक्तव्य में कहा कि मंत्री द्वारा विधानसभा सदन में की गई टिप्पणी न केवल उनके पद की गरिमा के विरुद्ध है, बल्कि यह आदिवासी समाज का भी अपमान है। उन्होंने कहा कि इस असम्मानजनक बयान के विरोध में ही पुतला दहन कर कड़ा रोष प्रकट किया गया है।

उन्होंने आगे कहा कि विपक्ष के नेता और कांग्रेस पार्टी के खिलाफ इस प्रकार की बयानबाजी लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। इस पुतला दहन कार्यक्रम में पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष जगदीश पाटीदार, पूर्व मंडी अध्यक्ष श्री राम चौधरी, नगर कांग्रेस अध्यक्ष मंगलेश कसेरा, किसान नेता किशोर पाटीदार, बद्रीलाल काग, राजेश पाटीदार, अशोक पाटीदार, हेमंत कुमावत, कांतिलाल काग, ईश्वर पाटीदार,राजेश बोराना, अखिल राठौर, हुक्मीचंद कसेरा,कृष्णा खन्ना पाटीदार, प्रवीण राठौर, अजय परिहार, महेश सांवरिया, भरावा, पिंटू राठौर, बबलू कुमावत सहित कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

MP Headlines
Author: MP Headlines

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp