सैलाना में पूज्य मुनि श्री आदित्य सागर जी महाराज ससंघ का भव्य मंगल प्रवेश

सैलाना। शुक्रवार को नगर में वर्तमान पट्टाचार्य परम पूज्य आचार्य श्री विशुद्ध सागर जी महाराज के परम प्रभावक शिष्य पूज्य मुनि श्री आदित्य सागर जी महाराज, मुनि श्री अप्रमित सागर जी महाराज एवं मुनि श्री सहज सागर जी महाराज ससंघ (4 पिच्छी) का नगर में भव्य मंगल प्रवेश हुआ।

अपने ओजस्वी प्रवचनों और “ॐ इग्नोराय नमः” जैसे प्रेरणादायी संदेश से देशभर में ख्याति प्राप्त दिगंबर जैन संत मुनि श्री आदित्यसागर जी महाराज के आगमन से सकल जैन समाज सहित नगरवासियों में विशेष उत्साह का वातावरण देखने को मिला।

मुनिश्री राजस्थान के बांसवाड़ा से उग्र विहार करते हुए दानपुर एवं सरवन मार्ग से सैलाना पधारे। उनके विहार के दौरान बांसवाड़ा विहार सेवा ग्रुप और सैलाना विहार सेवा ग्रुप के सदस्य निरंतर साथ रहे। नगर में प्रवेश करते ही श्रद्धालुओं ने स्थान-स्थान पर चरण वंदन एवं अभिनंदन कर धर्मलाभ प्राप्त किया।

वर्तमान में मुनिश्री महावीर मार्ग स्थित दिगंबर जैन मंदिर में विराजित हैं। शनिवार प्रातः मुनि श्री का ससंघ विहार संभावित है। जानकारी के अनुसार मुनिश्री शीतल तीर्थ धाम की ओर प्रस्थान करेंगे, जहां विभिन्न धार्मिक आयोजनों को लेकर जोर-शोर से तैयारियां की जा रही हैं।

मुनि श्री आदित्यसागर जी महाराज का सरल, सहज और प्रभावशाली व्यक्तित्व युवाओं के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। उनका विशेष संदेश “ॐ इग्नोराय नमः” आज सकारात्मक जीवन मंत्र के रूप में लोकप्रिय हो चुका है, जो नकारात्मकता, आलोचना और व्यर्थ विवादों को अनदेखा कर आत्मशांति, संयम और साधना की ओर अग्रसर होने की प्रेरणा देता है।

MP Headlines
Author: MP Headlines

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp