सैलाना। विधायक कमलेश्वर डोडियार ने विधानसभा के सदन में उच्च शिक्षा से जुड़ा बड़ा मुद्दा उठाते हुए सैलाना और रतलाम में संचालित निजी नर्सिंग कॉलेजों पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि इन कॉलेजों में छात्रों से फीस के नाम पर भारी-भरकम राशि डराकर और धमकाकर वसूली जा रही है।
विधायक ने बताया कि पिछले तीन-चार वर्षों से छात्रों की परीक्षाएं तक नहीं कराई गई हैं और न ही उन्हें आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराए गए हैं। इससे सैकड़ों विद्यार्थियों का भविष्य अधर में लटक गया है। उन्होंने दोषी संस्थानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज करने की मांग की।
रावटी में सरकारी कॉलेज भवन और आर्ट्स संकाय की मांग
सदन में विधायक ने रावटी में शासकीय कॉलेज भवन निर्माण तथा आर्ट्स संकाय शुरू करने की मांग भी जोरदार तरीके से उठाई। उनका कहना था कि क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए बाहर जाना पड़ता है, जिससे आर्थिक बोझ बढ़ता है।
बाजना कॉलेज में साइंस स्ट्रीम शुरू करने की मांग
इसी तरह बाजना के कॉलेज में विज्ञान (साइंस) संकाय शुरू करने की मांग रखते हुए उन्होंने कहा कि विज्ञान विषय के अभाव में विद्यार्थियों को दूसरे शहरों का रुख करना पड़ता है।
सैलाना में कृषि महाविद्यालय खोलने की मांग
विधायक ने सैलाना में कृषि महाविद्यालय खोलने की भी जोरदार मांग की। उनका कहना था कि यह क्षेत्र कृषि प्रधान है और यहां कृषि शिक्षा संस्थान खुलने से युवाओं को स्थानीय स्तर पर बेहतर अवसर मिलेंगे। विधानसभा में उठे इन मुद्दों के बाद अब सरकार की कार्रवाई पर सबकी नजरें टिकी हैं।
Author: MP Headlines


















